लोकायुक्त जांच के घेरे में अब रामवीर - Zee News हिंदी

लोकायुक्त जांच के घेरे में अब रामवीर

ज़ी न्यूज ब्यूरो

लखनऊ : उत्तर प्रदेश सरकार में एक के बाद एक कई मंत्रियों पर लोकायुक्त की गाज गिर रही है। अब प्रदेश के ऊर्जा मंत्री रामवीर उपाध्याय भी लोकायुक्त की जांच के घेरे में आ गए हैं। छह अन्य मंत्रियों के विरुद्ध पहले से जांच चल रही हैं। लोकायुक्त की रिपोर्ट पर प्रदेश के चार मंत्री अपना पद गवां चुके हैं।

 

लोकायुक्त न्यायमूर्ति एन.के. मेहरोत्रा के समक्ष आई शिकायत में ऊर्जा मंत्री उपाध्याय पर आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक सम्पत्ति अर्जित करने, अवैध कब्जे एवं विधायक निधि का दुरुपयोग करने के आरोप हैं। लोकायुक्त ने उपाध्याय को नोटिस भेजकर दस दिन में अपना जवाब देने को कहा है।

 

न्यायमूर्ति मेहरोत्रा ने उपाध्याय के विरुद्ध शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए बताया, ‘ऊर्जा मंत्री उपाध्याय के विरुद्ध शिकायत मिली है। उनके विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है और उन्हें इस संबंध में अपना जवाब दाखिल करने के लिए नोटिस दिया गया है। इस संबंध में मुख्यमंत्री को भी सूचित कर दिया गया है।’

 

ऊर्जा मंत्री के विरुद्ध यह शिकायत हाथरस जिले के समाजवादी पार्टी अध्यक्ष देवेन्द्र अग्रवाल की तरफ से दर्ज कराई गई है जिसमें उन्होंने उपाध्याय पर आय से अधिक सम्पत्ति अर्जित करने, पद के दुरुपयोग एवं अवैध भूमि कब्जे के आरोप लगाए हैं।

 

उल्लेखनीय है कि भाजपा ने भी लोकायुक्त संगठन में ऊर्जा मंत्री उपाध्याय पर उत्तर प्रदेश विद्युत निगम द्वारा बिजली खरीद में घोटाले के आरोप में शिकायत दर्ज करा रखी है। लोकायुक्त की संस्तुति पर प्रदेश के चार मंत्री राजेश त्रिपाठी, अवधपाल सिंह यादव, रंगनाथ मिश्र और बादशाह सिंह अपना पद गंवा चुके हैं।

First Published: Tuesday, November 1, 2011, 15:03

comments powered by Disqus