'लोहिया के सिद्धांतों पर सूबे का विकास' - Zee News हिंदी

'लोहिया के सिद्धांतों पर सूबे का विकास'

लखनऊ:  उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं समाजवादी पार्टी  के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को कहा कि महान समाजवादी चिंतक डॉ. राम मनोहर लोहिया के सिद्धांतों पर चलकर उनकी सरकार प्रदेश को आगे बढ़ाएगी।

 

लोहिया की 102वीं जयंती के मौके पर राजधानी के गोमती नगर स्थित लोहिया पार्क में आयोजित समारोह को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा, समाजवाद के जिन सिद्धांतों को लेकर लोहिया समाज के बीच आए थे, हम उन्हीं पर चलकर सूबे को विकास की राह पर आगे ले जाएंगे।

 

सम्बोधन से पहले मुख्यमंत्री और उनके पिता मुलायम सिंह यादव ने पार्क में मौजूद लोहिया की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।

 

अखिलेश ने कहा, जनता ने उस सरकार को हटाकर मौका दिया है जिसने भ्रष्टाचार के जरिए सूबे को पीछे धकेलकर सारी लोकतांत्रिक मर्यादाएं तोड़ दी थीं। हम समाजवादियों को उस भ्रष्टाचार को रोककर किसानों और गरीबों के जीवन को खुशहाल बनाना है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा ,हम जनता को भरोसा दिलाते हैं कि हम समाजवादियों की पूरी कोशिश रहेगी कि पांच साल में ऐसा काम करें कि उत्तर प्रदेश दूसरे राज्यों के लिए उदाहरण के तौर पर पेश किया जाए।

 

इस मौके पर अखिलेश ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी भगत सिंह, राजगुरू और सुखदेव को याद करते हुए कहा कि अगर आजादी से पहले समाजवाद के किसी ने आगे बढ़ाया तो वह सरदार भगत सिंह थे। 23 मार्च को इनकी याद में शहीदी दिवस मनाया जाता है।  (एजेंसी)

First Published: Friday, March 23, 2012, 17:33

comments powered by Disqus