Last Updated: Sunday, September 22, 2013, 18:13
हैदराबाद : आंध्र प्रदेश के निजामाबाद जिले के वन अधिकारी (एफआरओ) की हत्या के संबंध में आज स्थानीय माकपा नेता सहित 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस का आरोप है कि माकपा के धरपल्ली मंडल के सचिव वी. भास्कर ने 15 सितंबर को जिले के नल्लावेल्ली गांव में वन अधिकारियों पर हमले के लिए लोगों को उकसाया।
ग्रामीणों के एक झुंड ने वन अधिकारियों पर लाठियों और कुल्हाड़ियों से हमला कर दिया। एफआरओ एम. गंगैया (42) के सिर पर गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। उनके अलावा सात अन्य वन अधिकारी घायल हो गए। गंगैया ओर अन्य वन अधिकारियों को सूचना मिली थी कि ग्रामीणों ने वन के एक हिस्से पर कब्जा कर लिया है और खेती के लिए उसके खाली करना शुरू कर दिया है।
निजामाबाद जिले के पुलिस अधीक्षक के.वी. मोहन राव ने बताया, ‘इस मामले के 36 आरोपियों में से आज 11 को गिरफ्तार कर लिया गया। घटना के बाद से ही माकपा नेता भास्कर सहित अन्य सभी फरार चल रहे थे।’ राव ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत हत्या, हत्या के प्रयास, आपराधिक साजिश करने, मार-पीट करने, सरकारी कर्मचारियों को अपनी ड्यूटी करने से रोकने, इसके अलावा गैरकानूनी गतिविधियां (निरोधी) अधिनियम और आंध्र प्रदेश भूमि कब्जा (निरोधी) अधिनियम के तहत भी मामले दर्ज किए गए हैं। (एजेंसी)
First Published: Sunday, September 22, 2013, 18:13