वायदा कारोबार के भरोसे चल रही है सपा सरकार : भाजपा

वायदा कारोबार के भरोसे चल रही है सपा सरकार : भाजपा

वायदा कारोबार के भरोसे चल रही है सपा सरकार : भाजपालखनऊ : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उत्तर प्रदेश इकाई ने शुक्रवार को आरोप लगाते हुए कहा कि सूबे की समाजवादी पार्टी (सपा) की सरकार वायदा कारोबार के भरोसे चल रही है। भाजपा ने कहा है कि प्रदेश की जनता अब सपा सरकार के वायदों की हकीकत जान चुकी है इसीलिए उनके बहकावे में नहीं आने वाली।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डॉ. चंद्रमोहन सिंह ने कहा, नाकामियां छुपाने के लिए मुख्यमंत्री अखिलेश यादव केवल झूठ का सहारा ले रहे हैं। जनता को युवा मुख्यमंत्री से बडी उम्मीदें थीं लेकिन वह भी केवल झूठ का ही सहारा ले रहे हैं। स्वतंत्रता दिवस के दिन सिर्फ एक बयान जारी कर सरकार की ओर से उपलब्धियों का बखान किया गया।

सिंह ने कहा कि प्रदेश की जनता ने विश्वासपूर्वक बहुमत देकर सपा को सत्ता सौंपी थी लेकिन पिता-पुत्र सूबे की जनता को केवल बयानबाजी कर गुमराह करने का काम कर रहे हैं। पूरे प्रदेश में बिजली, पानी और कानून-व्यवस्था को लेकर हाहाकार मचा है ऐसे में प्रदेश सरकार सिर्फ बयानबाजी से ही काम चला रही है। उन्होंने कहा कि वोट बैंक की राजनीति के लिए सरकार मुस्लिम तुष्टीकरण की सारी हदें पार कर चुकी है। साथ ही पूरे प्रदेश में माफियाओं का आतंक फैला हुआ है तो सरकार खनन माफियाओं के गिरफ्त में आ चुकी है।

सपा प्रमुख मुलायम सिंह से सवाल करते हुए सिंह ने कहा कि वह किस मुंह से व्यवस्था परिवर्तन की बात कह रहे हैं। तीन बार प्रदेश की बागडोर सम्भालने वाले मुलायम को व्यवस्था परिवर्तन करने से किसने रोका था। ये सिर्फ जनता को गुमराह करने के लिए कोरी बयानबाजी से काम चला रहे हैं। (एजेंसी)

First Published: Friday, August 16, 2013, 10:57

comments powered by Disqus