Last Updated: Wednesday, August 7, 2013, 09:41
ज़ी मीडिया ब्यूरोजम्मू/पटना : पाकिस्तानी सैनिकों की ओर से किए गए हमले में शहीद हुए पांच जवानों की अंतिम यात्रा मंगलवार शाम पुंछ से शुरू हुई। आज किसी समय इनके शव पटना पहुंचेंगे। थलसेना के अधिकारियों द्वारा शहीद जवानों के पार्थिव शरीर पर माल्यार्पण करने के बाद यह यात्रा शुरू हुई। थलसेना के अधिकारियों ने बताया कि पोस्ट-मॉर्टम के बाद पुंछ के सैन्य अस्पताल में शहीद जवानों के शरीर को तिरंगे से लपेटा गया।
पुंछ जिले में हुए इस हमले में बिहार के चार जवान- नाइक प्रेम नाथ (35, छपरा), लांस नायक शंभु सरन (29, भोजपुर), सिपाही विजय कुमार राय (27, पटना), सिपाही रघुनंदन (23, छपरा) थे जबकि 36 वर्षीय नाइक पुंडालिक माने महाराष्ट्र के रहने वाले थे।
जम्मू-कश्मीर के पुंछ सेक्टर में भारतीय सेना पर पाकिस्तानी सेना की अगुवाई में किए गए घुसपैठियों के हमले की कड़ी निंदा करते हुए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एलान किया कि हमले में शहीद हुए बिहार के चार सैनिकों की अंत्येष्टि राजकीय सम्मान के साथ कराई जाएगी। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) से प्राप्त जानकारी के अनुसार, नीतीश ने बिहार के शहीद जवानों के परिजन को राज्य सरकार की ओर से 10-10 लाख रुपये दिए जाने की भी घोषणा की है।
मालूम हो कि नियंत्रण रेखा को पार कर पुंछ के चक्कन दा बाग सेक्टर में प्रवेश कर गए पाकिस्तानी घुसपैठियों द्वारा की गई गोलीबारी में 21 बिहार रेजिमेंट के चार जवानों सहित पांच सैनिक शहीद हो गए।
First Published: Wednesday, August 7, 2013, 09:22