शीला सरकार ने अब शुरू की सस्ते प्याज की दुकानें

शीला सरकार ने अब शुरू की सस्ते प्याज की दुकानें

नई दिल्ली : सस्ती दर से प्याज उपलब्ध कराने के लिए दिल्ली में शनिवार से प्याज की 1,000 दुकानें शुरू की गई हैं। इनमें 600 मोबाइल दुकानें होंगी। यह जानकारी एक आधिकारिक बयान में दी गई।

बयान के मुताबिक, राज्य सरकार बिना लाभ या नुकसान के प्याज की बिक्री की व्यवस्था कर रही है। 17 अगस्त से पूरे शहर में करीब 1,000 स्थानों पर बिक्री शुरू होगी। दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने शुक्रवार को प्याज की बढ़ती कीमत पर रोक लगाने के लिए खाद्य और आपूर्ति मंत्री हारून यूसुफ, दिल्ली विकास मंत्री राज कुमार चौहान, भारतीय राष्ट्रीय कृषि सहकारी विपणन संघ मर्यादित (नेफेड) अध्यक्ष बिजेंदर सिंह, मुख्य सचिव डी.एम. स्पोलियो तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक बैठक में चर्चा की।

बयान के मुताबिक जहां दिल्ली में प्याज की उपज नहीं होती है, वहीं देश के दूसरे हिस्सों में भारी बारिश और बाढ़ तथा सड़कों के टूटने फूटने से प्याज की आपूर्ति बाधित हुई है। इसके अलावा स्वतंत्रता दिवस से पहले सुरक्षा कारणों से यातायात में पैदा होने वाली बाधा से भी स्थिति और विकट हुई। बयान के मुताबिक, चूंकि कल (गुरुवार को) स्वतंत्रता दिवस था, दिल्ली में प्याज की आवक नहीं हुई। आज (शुक्रवार को) स्थिति में सुधार होने की उम्मीद है।

थोक बाजार में जहां प्याज की कीमत 50 रुपये प्रति किलो चल रही है, वहीं खुदरा बाजार में यह 60 से 80 रुपये किलो चल रही है। दीक्षित ने सभी संबंधित विभागों को आदेश दिया कि वे प्याज, दाल, चीनी, टमाटर और आलू जैसे आवश्यक सामग्रियों की कीमत और उपलब्धता पर नजर रखें। उन्होंने कालाबाजारियों और जमाखोरों पर सख्त कार्रवाई किए जाने का भी आदेश दिया। (एजेंसी)

First Published: Friday, August 16, 2013, 20:59

comments powered by Disqus