Last Updated: Monday, July 9, 2012, 11:05
देवघर/पटना : सावन महीने के पहले सोमवार के मौके पर भगवान आशुतोष के द्वादश ज्योतिर्लिंगों में से एक झारखंड के देवघर स्थित कामना लिंग (बैद्यनाथ धाम) सहित बिहार और झारखंड के सभी शिवालयों में पूजा-अर्चना के लिए शिवभक्तों का तांता लगा हुआ है। बैद्यनाथ धाम में कांवड़ियों की करीब चार किलोमीटर लम्बी कतार लगी हुई है।
सुल्तानगंज से उत्तरवाहीनी गंगा का पवित्र जल लेकर 105 किलोमीटर लम्बी यात्रा पैदल तय कर कांवड़िये बैद्यनाथ धाम पहुंचकर कामना लिंग पर जलाभिषेक करते हैं। सुबह तीन बजे की विशेष पूजा के बाद से ही यहां भक्तों द्वारा जलाभिषेक प्रारम्भ हुआ जो अब तक बदस्तूर जारी है।
मंदिर प्रभारी एवं कार्यपालक दंडाधिकारी मिथिलेश झा ने सोमवार को बताया कि अब तक करीब 20 से 25 हजार कांवड़िये यहां पहुंचकर बाबा का जलाभिषेक कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि कांवड़ियों की साढ़े तीन से चार किलोमीटर तक लम्बी कतार लगी हुई है और उनका आना जारी है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सोमवार को करीब 80 से 90 हजार लोगों के मंदिर में जलाभिषेक करने की सम्भावना है। मंदिर के पट 10 बजे रात को श्रृंगार पूजा के बाद बंद कर दिए जाएंगे।
इधर, देवघर के पुलिस अधीक्षक सुबोध प्रसाद ने बताया कि कांवड़ियों की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सादे लिबास में भी पुलिस बल को तैनात किया गया है। सावन में खासकर सोमवार को भगवान शिव की पूजा करने से भक्तों को सुख-समृद्धि, शांति मिलती है, भगवान भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं। इधर, झारखंड की राजधानी रांची में पहाड़ी मंदिर में भी भक्तों का हुजूम सुबह से ही उमड़ा हुआ है। बिहार के भी मुजफ्फरपुर, वैशाली, दरभंगा, रोहतास सहित सभी शिवालयों में सुबह से ही भीड़ उमड़ रही है। (एजेंसी)
First Published: Monday, July 9, 2012, 11:05