Last Updated: Sunday, September 23, 2012, 16:04
गंगटोक : उत्तरी सिक्कम के दूरदराज के इलाकों में आई ताजा बाढ़ और भूस्खलनों से कम से कम 21 लोगों की मौत हो गयी जबकि आठ लोग अभी भी लापता हैं। मरने वाले 21 लोगों में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस :आईटीबीपी: और सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के कर्मी शामिल हैं।
आधिकारियों ने बताया कि मरने वालों में आईटीबीपी के चार जवान, उनके दो परिजन और बीआरओ के 12 कनिष्ठ अधिकारी शामिल हैं। इनके अलावा तीन मजदूर भी मारे गए हैं। इनमें से ज्यादातर की मौत रंगमा रेंज इलाके में हुई।
उत्तर जिला उपायुक्त टीडब्ल्यू खंगशेरपा ने कहा कि भूस्खलन 19 सितंबर के बाद से हो रही भारी बारिश की वजह से आए। उन्होंने बताया कि जिले में चुंगथांग और मंगन इलाके के बीच मुख्य सड़क लगभग नौ भूस्खलनों की वजह से बंद हो गयी है। सेना और भारतीय वायुसेना कर्मियों ने जोरशोर से बचाव अभियान शुरू कर दिया है।
चुंगथांग और पेगोंग के बीच मुख्य सड़क कई भूस्खलनों की वजह से बंद हो गयी। रंगमा और चुंगथांग के बीच लाचेन नदी के किनारे बसे घरों को ताजा बाढ़ अपने साथ बहाकर ले गयी।
सरकार ने बाढ़ का खतरा देखते हुए लाचेन, लाचुंग, मगन, चुंगथांग, दिकचू, सिंगतम और रांगपो इलाकों में अलर्ट घोषित कर दिया है।
आज सुबह मंगन शहर से एक किलोमीटर की दूरी पर एक और भूस्खलन होने की खबर है। इसकी वजह से आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि एनएच31-ए अवरूद्ध हो गया है जिससे राज्य का उत्तरी हिस्सा बाकी हिस्से से कट गया है। (एजेंसी)
First Published: Sunday, September 23, 2012, 10:00