Last Updated: Sunday, July 28, 2013, 11:56
ज़ी मीडिया ब्यूरोनई दिल्ली : संसद भवन के पास ली मेरीडियन इलाके में स्टंट कर रहे बाइकर्स पर दिल्ली पुलिस की फायरिंग में एक बाइकर की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया। घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
दिल्ली पुलिस के सूत्रों ने बताया कि यह घटना रात दो बजे से लेकर रात सवा दो बजे के बीच नई दिल्ली के ली मेरीडियन इलाके में उस समय हुई जब सड़कों पर खतरनाक स्टंट किए जाने से रोके जाने पर बाइकरों का एक समूह पुलिस अधिकारियों से भिड़ गया और पुलिस पर पथराव कर दिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि एक बाइक के टायर में पंचर करने के लिए पुलिस द्वारा चलाई गई गोली से उस पर सवार करन पांडेय नाम के युवक की मौत हो गई। गोली उसकी पीठ में लगी।
अधिकारियों ने बताया कि गोली से मारा गया युवक पुनीत शर्मा की बाइक पर पीछे बैठा हुआ था। शर्मा इस घटना में घायल हो गया। दोनों को राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां पांडेय को मृत घोषित कर दिया गया। अस्पताल में जांच किए जाने पर पता चला कि शर्मा ने शराब पी रखी थी। 30 बाइकर्स के खतरनाक स्टंट किए जाने की खबर मिलने पर पुलिस का एक गश्ती वाहन ली मेरीडियन इलाके पहुंचा। जब पुलिसकर्मियों ने उनसे स्टंट नहीं करने के लिए कहा तो बाइकरों ने पथराव शुरू कर दिया जिसमें पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।
पुलिस के अनुसार बाइकर्स को तितर बितर करने के लिए हवा में कुछ गोलियां चलाई गईं। लेकिन जब वे लगातार स्टंट करते रहे तो पुलिस के एक अधिकारी ने एक बाइक के टायर में पंचर करने के लिए गोली चलाई जो दुर्घटनावश पांडेय की पीठ में जा लगी। घटना में कुछ पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।
First Published: Sunday, July 28, 2013, 08:38