हकीम हत्याकांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार

हकीम हत्याकांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार

बुलंदशहर : उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के अब्दुल हकीम हत्याकांड में पुलिस ने आखिरकार फरार चल रहे मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। बुलंदशहर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गुलाब सिंह ने शुक्रवार को यहां संवाददाताओं को बताया कि हकीम की हत्या के मुख्य आरोपी सलमान को देर रात जिले के गुलाटी इलाके से गिरफ्तार किया गया। उसके पास हत्या में प्रयुक्त तमंचा भी बरामद कर लिया गया।

सिंह ने कहा कि अब केवल एक आरोपी मलिक बचा है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। इससे पहले पुलिस सरवर, गुल्लू और आसिफ नाम के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। मामले में कुल पांच लोग नामजद हैं। बुलंदशहर के उडौली गांव निवासी अब्दुल हकीम की गत 22 नवंबर को हत्या हो गई थी। हकीम की पत्नी मेहिवश जहां हत्या को लगातार ऑनर किलिंग का मामला बता रही है, वहीं पुलिस ने दावा किया कि आपसी विवाद के चलते हत्या हुई।

मेहिवश का कहना है कि दोनों ने दो साल पहले खाप पंचायत के खिलाफ जाकर प्रेम विवाह किया था। उस समय पंचायत ने दोनों को जान से मारने का फरमान सुनाया था। हकीम और महिवश ने दो साल पहले खाप पंचायत की मर्जी के खिलाफ अदालत में विवाह कर लिया था। वह गांव छोड़कर दिल्ली में रहते थे। हकीम और महिवश की एक बेटी भी है। करीब तीन महीने पहले हकीम-महिवश वापस आकर गांव रहने लगे थे।

उधर, बुलंदशहर के जिलाधिकारी एन.रिनवा ने गुरूवार को मेहिवश से मुलाकात कर सुरक्षा और आर्थिक मदद का वादा किया। उन्होंने कहा कि गर्भवती मेहिवश अस्पताल के बजाय अपने घर में प्रसव चाहती है तो जिला प्रशासन उसके घर पर पूरी चिकित्सीय व्यवस्था करेगा। हकीम और मेहिवश अभिनेता आमिर खान के चर्चित टेलीविजन शो सत्यमेय जयते में प्रेम विवाह और खाप पंचायत से सम्बंधित विषय पर आधारित एपिसोड में भी नजर आए थे। (एजेंसी)

First Published: Friday, November 30, 2012, 14:50

comments powered by Disqus