Last Updated: Sunday, January 6, 2013, 19:14
चंडीगढ़ : हरियाणा और चंडीगढ़ के अधिकतर भागों में भीषण ठंड के कारण छह लोगों की जान चली गयी। हिसार और नारनौल में न्यूनतम तापमान शून्य के स्तर पर पहुंच गया। क्षेत्र के कई हिस्सों में कोहरा छाया रहा जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ।
मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी न्यूनतम तापमान में और गिरावट आने तथा घना कोहरा छाने का अनुमान व्यक्त किया है। चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से दो डिग्री कम है। यह इस मौसम का सबसे कम तापमान हैं हिसार और नारनौल में तापमान शून्य से नीचे चला गया।
हिसार में न्यूनतम तापमान शून्य से 1.1 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा तो नारनौल में शून्य डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकारियों ने बताया कि भीषण ठंड के कारण अमृतसर में चार लोगों की जान चली गयी। नारनौल और हिसार में एक-एक व्यक्ति की जान चली गई। (एजेंसी)
First Published: Sunday, January 6, 2013, 19:14