हिसार उपचुनाव के लिए मतदान आज - Zee News हिंदी

हिसार उपचुनाव के लिए मतदान आज


हिसारः अन्ना की कांग्रेस विरोधी मुहिम के कारण कांग्रेस पार्टी के लिए बड़ा दांव बन चुकी हिसार लोकसभा सीट के लिए गुरूवार को मतदान होगा। हिसार लोकसभा सीट पर मुकाबला त्रिकोणीय होने की उम्मीद है।चुनाव से पहले जमकर हुए चुनाव प्रचार के बीच अन्ना ने मतदाताओं से जनलोकपाल बिल लाने में असफल रहने के कारण कांग्रेस के खिलाफ वोट देने और कांगेस को ऐतिहासिक पराजय देने की अपील की।

 

कांग्रेस के टिकट पर तीन बार यहां से सांसद रहे जयप्रकाश चुनाव लड़ रहे हैं। जयप्रकाश के खिलाफ हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत भजनलाल के पुत्र और हरियाणा जनहित कांग्रेस के नेता कुलदीप बिश्नोई और मुख्य विपक्षी दल इंडियन नेशनल लोकदल के नेता और पार्टी अध्यक्ष ओमप्रकाश चौटाला के पुत्र अजय चौटाला मैदान में खड़े हैं। हिसार लोकसभा क्षेत्र में 13.32 लाख मतदाता हैं जिसमें पुरूष मतदाताओं की संख्या 7.29 लाख है।

 

हरियाणा की मुख्य निवार्चन अधिकारी सुमिता मिश्रा ने कहा कि चुनाव में पहली बार मतदान केन्द्रों पर वीडियोग्राफी की जाएगी। उन्होंने बताया कि चुनाव में सुरक्षा इंतजामों को चाक चौबंद रखने के लिए केंद्रीय बलों की 40 कंपनियां नियुक्त की गयी हैं। केंद्रीय बलों के अलावा पुलिस बल हिसार के 1506 मतदान केन्द्रों पर तैनात रहेगा। इनमें से 339 मतदान केन्द्रों को अति संवेदनशील घोषित किया गया है जबकि 387 अन्य को संवेदनशील घोषित किया गया है।

 

टीम अन्ना और विपक्षी दलों ने इस चुनाव को देश की राजनीति में एक अहम मोड़ लाने वाला करार दिया है जिससे इन चुनावों को लेकर उत्सुकता बढ़ गयी है। हिसार लोकसभा उपचुनाव के परिणाम 17 अक्तूबर को घोषित किए जाएंगे।(एजेंसी)

First Published: Thursday, October 13, 2011, 00:47

comments powered by Disqus