Last Updated: Thursday, October 13, 2011, 04:35
हिसार: हरियाणा के हिसार में लोकसभा उपचुनाव के लिए गुरुवार को मतदान शाम पांच बजे संपन्न हो गया। चुनाव आयोग के अभी तक के आंकड़ों के मुताबिक करीब 68 फीसदी मतदान हुआ। मतदान के दौरान कहीं भी हिंसा की कोई खबर नहीं आई है।मतदान सुबह आठ बजे शुरू हुआ और शुरुआती तीन घंटे में ही 25 फीसदी लोगों ने वोट डाल दिए थे। चुनाव मैदान में खड़े कुल 40 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला 17 अक्टूबर को होगा। हालांकि यहां कांग्रेस, हरियाणा जनहित कांग्रेस और इंडियन नेशनल लोकदल के बीच मुख्य मुकाबला है।
हरियाणा में चुनाव से पहले जमकर हुए प्रचार का सकारात्मक नतीजा गुरुवार के मतदान के दौरान देखने को मिला। मतदाताओं में उत्साह की वजह से दोपहर तीन बजे तक लगभग 56 फीसदी मतदान होने की खबर थी। जानकारी के अनुसार, हिसार के 1500 बूथ पर चले मतदान में अभी तक किसी भी प्रकार की हिंसा की खबर नहीं आई है।
यहां कांग्रेस की तरफ से तीन बार सांसद रह चुके जय प्रकाश खड़े हैं। उनके खिलाफ दिवंगत मुख्यमंत्री भजनलाल के पुत्र और हरियाणा जनहित कांग्रेस के कुलदीप बिश्नोई और मुख्य विपक्षी दल इनेलोद के अजय सिंह चौटाला ताल ठोंक रहे हैं। चौटाला डबवाली सीट से विधायक हैं और इनेलोद अध्यक्ष ओम प्रकाश चौटाला के पुत्र हैं। चुनाव मैदान में मौजूद 40 प्रत्याशियों में से ज्यादातर निर्दलीय हैं। इस सीट पर मतदाताओं की कुल संख्या 13.32 लाख है, जिनमें से 7.29 लाख पुरुष हैं। हिसार में सभी मतदान केंद्रों में पहली बार वीडियोग्राफी की जा रही है।
इस सीट पर प्रचार के दौरान, भ्रष्टाचार विरोधी अभियान चला रहे अन्ना पक्ष और कांग्रेस के बीच काफी बयानबाजियां हुईं। वर्ष 2009 में हुए संसदीय चुनाव में कांग्रेस ने हरियाणा में हिसार को छोड़ कर दस में से नौ लोकसभा सीटें जीती थीं। भजनलाल के निधन के बाद इस सीट पर उपचुनाव हुआ।
(एजेंसी)
First Published: Thursday, October 13, 2011, 22:48