Last Updated: Saturday, January 19, 2013, 20:03

पटना : बिहार भाजपा के नवनिर्वाचित अध्यक्ष मंगल पांडेय ने आज कहा कि आगामी 15 अप्रैल को होने वाली पार्टी की हुंकार रैली में गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी को न्यौता देने का निर्णय केंद्रीय नेतृत्व करेगा।
प्रदेश अध्यक्ष चुने जाने के बाद अपने पहले संवाददाता सम्मेलन में पांडेय ने कहा, ‘बिहार के
हक की लड़ाई के लिए गांधी मैदान में होने वाली पार्टी की हुंकार रैली में नरेंद्र मोदी समेत किन
नेताओं को आमंत्रित करना है, इसका फैसला भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व करेगा।’ उल्लेखनीय है
कि पांडेय के पूर्ववर्ती प्रदेश अध्यक्ष सीपी ठाकुर ने कहा था कि सभी मुख्यमंत्रियों की तरह
गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी को भाजपा के गांधी मैदान में होने वाले कार्यक्रम में बुलाया
जाएगा।
भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी की प्रतिनिधि सभा में भाजपा के कई कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को
नरेंद्र मोदी के समर्थन में नारे लगाए थे। भाजपा के वरिष्ठ नेता ताराकांत झा और पूर्व अध्यक्ष
सीपी ठाकुर ने भी नरेंद्र मोदी का समर्थन किया था। भाजपा के एक मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा
था कि पार्टी पर मोदी का भोज अभी बाकी है। भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के समय 2010 में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नरेंद्र मोदी और अन्य नेताओं को भोज पर न्यौता दिया था लेकिन एक विज्ञापन विवाद के कारण यह भोज स्थगित हो गया था। भाजपा नेताओं का इशारा उसी ओर था।
भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा नरेंद्र मोदी के समर्थन में की गयी नारेबाजी के सवाल को पांडेय टाल गये। इस सवाल से वह बच निकले। पांडेय ने कहा कि उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती है 2014 के लोकसभा चुनावों में केंद्र की यूपीए सरकार को हटाना और संगठन को एकजुट कर एनडीए के लिए सभी 40 सीटें जीतना। इसके लिए वह नेताओं और कार्यकर्ताओं को साथ लेकर संगठन को एकजुट करेंगे।
पांडेय ने कहा, ‘15 अप्रैल को ऐतिहासिक गांधी मैदान में हुंकार रैली में केंद्र की ओर से बिहार
के साथ सौतेला व्यवहार, कोल लिंकेज, खाद आवंटन में भेदभाव और बिहार को विशेष राज्य का मुद्दा उठाया जाएगा। बिहार को आर्थिक पैकेज देने की मांग की जाएगी।’ उन्होंने कहा कि बुनियादी संरचना के मामले में भी केंद्र की यूपीए सरकार बिहार के साथ भेदभाव कर रही है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और सिंचाई की परियोजनाओं के लिए पैसे समय पर नहीं दिये जा रहे हैं। राष्ट्रीय राजमार्गों के रखरखाव के लिए भी पार्टी को पैसा नहीं दिया जाता है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उनके नेतृत्व में 20 जनवरी को यूपीए सरकार के खिलाफ पहला
कार्यक्रम होगा। डीजल के मूल्य में बढ़ोतरी के विरोध में राज्य में सभी जिला मुख्यालयों में यूपीए
सरकार का पुतला दहन किया जाएगा। (एजेंसी)
First Published: Saturday, January 19, 2013, 20:03