हैदराबाद में आश्रय गृह से 4 महिलाओं का अपहरण

हैदराबाद में आश्रय गृह से 4 महिलाओं का अपहरण

हैदराबाद : हैदराबाद में रामनाथपुर इलाके के `उज्जवला` आश्रय गृह पर अज्ञात लोगों ने हमला कर मानव तस्करों के चंगुल से छुड़ाई गई चार महिला का शनिवार को अपहरण कर लिया। यह जानकारी पुलिस ने दी। यहां `उज्जवला` में आठ लोग दरवाजा तोड़कर जबरन घुस आए और यहां रहने वाले अन्य लोगों के साथ मार-पीट की और फर्नीचर को क्षति पहुंचा कर चार महिलाओं का अपहरण कर लिया।

गैर सरकारी संस्था के सहयोग से राज्य सरकार द्वारा संचालित उज्जवला की अन्य महिलाओं ने पुलिस को बताया कि इनमें से दो कोलकाता की रहने वाली थी जबकि एक बांग्लादेश और एक मुम्बई की थी। अपहर्ताओं का संबंध मुम्बई के किसी गिरोह से होने का संदेह है। इन लोगों ने 10 महिलाओं का अपहरण करने की कोशिश की लेकिन चार को अगवा करने में कामयाब रहे। अपहरणकर्ताओं का विरोध करने वाली महिलाओं को चोटें भी आई हैं।

पिछले दिनों पुलिस द्वारा 21 महिलाओं को मानव तस्करों के चंगुल से मुक्त करवा करवाने के बाद यहां रखा गया था और इनका मामला स्थानीय अदालत में चल रहा था। कुछ महिला अधिकार संस्थाओं के कार्यकर्ताओं द्वारा आश्रय स्थल के प्रबंधक सत्यनारायण रेड्डी पर अपहरण का आरोप लगाते हुए उनसे मारपीट किए जाने की वजह से इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस उसे पूछताछ करने के लिए ले गई है। महिला संगठनों का आरोप है कि यह प्रबंधक अपहरणकर्ताओं से मिला हुआ है। (एजेंसी)

First Published: Saturday, September 1, 2012, 16:13

comments powered by Disqus