Last Updated: Saturday, July 7, 2012, 21:31
नई दिल्ली : दिल्ली के जमरूदपुर इलाके में मेट्रो का एक खंभा गिरने की घटना के मामले में डीएमआसी के 11 वरिष्ठ अधिकारियों सहित 24 लोगों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया गया है।
साल 2009 में 12 जुलाई को यह घटना हुई थी। इसमें आठ लोगों की मौत हो गई थी। इस मामले में 6,104 पृष्ठों आरोप पत्र दाखिल किया गया है।
दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) के तत्कालीन मुख्य अभियंता रंजन कटारिया और मुख्य परियोजना अधिकारी सुबोध कुमार गुप्ता भी उन लोगों में शामिल हैं जिनके खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया गया है।
अतिरिक्त मुख्य मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट संजय शर्मा के समक्ष दाखिल आरोप पत्र दाखिल किया गया। इसमें दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने इस घटना के लिए गैमन इंडिया और आर्क कंसलटेंसी को जिम्मेदार ठहराया है।
आरोप पत्र में कहा गया है, इस बात के पुख्ता सबूत हैं कि काम की योजना, परिचालन और उसे जारी रखना बेहद लापरवाही से किया गया। इससे जान का नुकसान हुआ। घटना के बाद दिल्ली मेट्रो ने कहा था कि इस घटना की वजह से डिजाइन में समस्या है और उसमें सुधार की कोशिश की जा रही है। (एजेंसी)
First Published: Saturday, July 7, 2012, 21:31