Last Updated: Tuesday, January 29, 2013, 11:32

मुंबई : दिसंबर माह से अस्पताल में भर्ती वयोवृद्ध अभिनेता प्राण के स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है। उनके पुत्र सुनील ने बताया ‘वह अब भी अस्पताल में हैं। उनकी हालत में सुधार हो रहा है.. अब वह पहले से बेहतर हैं।’ इतने दिनों से अस्पताल में होने का कारण पूछने पर सुनील ने कुछ नहीं कहा।
पिछले साल नवंबर में दीपावली के तत्काल बाद प्राण को तबियत खराब होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। लेकिन फिर 24 नवंबर को उन्हें छुट्टी दे दी गई थी। ठीक एक माह बाद 25 दिसंबर को 92 वर्षीय प्राण को बान्द्रा उपनगर स्थित लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया। तब से वह अस्पताल में ही हैं।
हिन्दी सिनेमा के लोकप्रिय खलनायकों में से एक प्राण ने ‘बड़ी बहन’, ‘जिस देश में गंगा बहती है’, ‘हाफ टिकट’, ‘पूरब और पश्चिम’, ‘जंजीर’, ‘डॉन’ सहित करीब 350 फिल्मों में काम किया। भारत सरकार ने भारतीय सिनेमा में योगदान के लिए वर्ष 2001 में उन्हें पद्मभूषण सम्मान से सम्मानित किया था। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, January 29, 2013, 11:32