Last Updated: Saturday, June 9, 2012, 13:54

सिंगापुर : यहां 13वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म अकादमी (आईफा) सप्ताहांत व पुरस्कार समारोह के तहत आयोजित आइफा रॉक्स (फैशन व संगीत) कार्यक्रम में अभिनेता शाहिद कपूर व अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने अपनी आने वाली फिल्म `तेरी मेरी कहानी` के `उफ` गीत पर ठुमके लगाए।
एसप्लानेड संगीत समारोह स्थल पर उस वक्त उत्साह का नजारा था जब शाहिद प्रियंका को लेकर मंच पर पहुंचे और दोनों अपनी नई फिल्म के गीत पर थिरक उठे।
इस कार्यक्रम में फैशन व संगीत दोनों की छटा बिखरी हुई थी। कार्यक्रम में सितारों से भरी प्रस्तुतियां हुईं तो मॉडल्स ने रैम्प पर जलवा भी बिखेरा।
डिजाइनर वरण बहल, मासाबा गुप्ता व सुनीत वर्मा ने अपने फैशन संग्रह प्रस्तुत किए।
अभिनेत्री नर्गिस फाखरी व अभिनेता विवेक ओबेराय बहल के लिए रैम्प पर उतरे तो शाहजहां पद्मसी, अदिति राव हैदरी व जोआ मोरानी गुप्ता के फैशन संग्रह के लिए शोस्टॉपर बने। वर्मा के शो में अभिनेत्री बिपाशा बसु शोस्टॉपर बनीं।
विजक्राफ्ट इंटरनेशनल एंटरटेनमेंट ने इस कार्यक्रम का आयोजन किया था।
सबसे पहले शाहिद व प्रियंका ने मंच पर प्रस्तुति दी। इसके बाद पंजाबी गायक मीका सिंह ने `चिंता ता ता`, `पुनगी`, `जुगनी`, `धिनका चिका` व `सुबह होने ना दे` गीतों पर प्रस्तुति दी।
इसके बाद लड़कियों के समूह ब्लश ने अपनी प्रस्तुति दी। इसमें फिलीपींस, भारत, हांगकांग, जापान व दक्षिण अफ्रीका की कलाकार शामिल थीं। कई और कलाकारों ने भी अपनी प्रस्तुतियां दीं। (एजेंसी)
First Published: Saturday, June 9, 2012, 13:54