इंदिरा गांधी शांति पुरस्कार से इला भट सम्मानित

इंदिरा गांधी शांति पुरस्कार से इला भट सम्मानित

नई दिल्ली : राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने सामाजिक कार्यकर्ता इला रमेश भट को आज इंदिरा गांधी शांति, निशस्त्रीकरण एवं विकास पुरस्कार से सम्मानित किया। सेल्फ एंप्लायड वीमेन्स एसोसिएशन (सेवा) की संस्थापक इला को राष्ट्रपति भवन में एक समारोह में इंदिरा गांधी पुरस्कार 2011 से नवाजा गया। समारोह में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी भी मौजूद थे। भट को जमीनी उद्यमशीलता के माध्यम से भारत और अन्य देशों में महिलाओं को व्यापक रूप से अधिकार-संपन्न बनाने में उनके जीवन पर्यंत उपलब्धियों के लिए इस पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। इस पुरस्कार के तहत 25 लाख रूपये की नकद राशि और एक प्रशस्तिपत्र दिया जाता है। पुरस्कार स्वीकार करते हुए इला ने कहा कि इसने उन्हें उन विचारों के पुन: परीक्षण का मौका दिया कि शांति के लिए क्या क्या जरूरी है।

उन्होंने कहा, ‘‘निश्चित रूप से, युद्ध की अनुपस्थिति शांति नहीं है। शांति वह है जो जंग को दूर रखती है, लेकिन वह उससे ज्यादा है, शांति निशस्त्र करती है और जंग को बेमतलब बनाती है। शांति एक स्थिति है जिसका आनंद निष्पक्ष और खुशहाल समाज उठाता है। शांति समाज में संतुलन लाने से जुड़ी है, एकमात्र तभी यह टिकाउ शांति है।’’

इला ने पश्चिमी आर्थिक माडलों को अपनाने के खतरों से आगाह किया और सलाह दी कि किसी भी व्यक्ति की छह बुनियादी और प्राथमिक जरूरतें उसके रहने की जगह के 100 मील के दायरे के संसाधनों से पूरी की जाएं। उन्होंने कहा, ‘‘अगर रोटी, मकान, कपड़ा, प्राथमिक शिक्षा, प्राथमिक स्वास्थ्यसेवा और प्राथमिक बैंक सेवाएं स्थानीय रूप से उपलब्ध हों तो हमें एक नई परिपूर्ण अर्थव्यवस्था का विकास मिलेगा जिसे दुनिया ध्यान से देखेगी।’’ इला ने आगाह किया, ‘‘पश्चिमी आर्थिक माडलों के पीछे भागना हमें नेतृत्वकर्ताओं में नहीं, अक्षम अनुयाइयों में बदलेगा। लेकिन अगर हम अपने देशों के यथार्थ पर चलेंगे तो हम ऐसा विकास सृजित कर सकते हैं जो हमें अपना भाग्य विधाता बनाएगा।’’ (एजेंसी)

First Published: Monday, February 18, 2013, 17:35

comments powered by Disqus