Last Updated: Wednesday, November 21, 2012, 16:21

ज़ी न्यूज ब्यूरो
मुंबई: खबरों के मुताबिक बॉलीवुड अदाकारा करिश्मा कपूर और उद्योगपति संजय कपूर ने अलग रहने का फैसला कर लिया है और कुछ ही समय बाद दोनों तलाक के लिए अर्जी दाखिल कर सकते है।
बॉलीवुड के सूत्रों के हवाले से एक दैनिक ने इस बात का खुलासा किया है कि करिश्मा कपूर और उनके पति संजय कपूर के बीच तलाक हो चुका है और उसकी औपचारिक घोषणा होना बस बाकी है। दोनों ने अब अलग-अलग रहने का फैसला किया है। दैनिक के मुताबिक दोनों में तलाक को लेकर पहले ही रजामंदी हो चुकी है। अब दोनों में इस बात को लेकर समझौता होना है कि उनके दोनों बच्चे कानूनी तौर पर दोनों के साथ बारी-बारी से रहे। यानी बच्चों को रखने को अधिकार दोनों को समान रुप से मिले।
करिश्मा और संजय के दोनों बच्चे अभी छोटे है इसलिए अभी तक यह तय नहीं हो पाया है कि दोनों बच्चे कैसे दोनों शहरों में रह पाएंगे। करिश्मा कपूर मुंबई में रहती है जबकि संजय कपूर दिल्ली में रहते हैं। इस बात पर करिश्मा और संजय के बीच जैसे ही समझौता होगा दोनों कोर्ट में तलाक की अर्जी दाखिल कर देंगे।
करिश्मा कपूर और संजय कपूर के रिश्ते आपस में कभी भी मधुर नहीं रहे। वर्ष 2005 में करिश्मा को पहला बच्चा होने के बाद वह संजय कपूर से अलग रहने लगी थी। फिर समझौता होने के बाद 2010 में दोनों साथ-साथ रहने लगे और उन्हें इसी वर्ष दूसरा बच्चा हुआ।
कुछ साल पहले संजय कपूर का दिल्ली की उद्यमी प्रिया चटवाल के साथ नाम जुड़ा था और कहा गया कि दोनों में रोमांस चल रहा है और उसके बाद से करिश्मा और संजय के रिश्ते में तल्खी आनी शुरू हो गई।
First Published: Tuesday, November 20, 2012, 17:24