किशोर कुमार की भूमिका निभाएंगे रणबीर

किशोर कुमार की भूमिका निभाएंगे रणबीर

किशोर कुमार की भूमिका निभाएंगे रणबीर मुंबई : निर्देशक अनुराग बसु मशहूर गायक और अभिनेता किशोर कुमार की जिंदगी पर एक ‘रंगीन और मनोरंजक’ फिल्म बनाने जा रहे हैं जिसमें रणबीर कपूर किशोर कुमार की भूमिका में नजर आएंगे।

बसु ने बताया कि रणबीर, यूटीवी और मैं इस फिल्म को बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। फिलहाल रणबीर अपनी अन्य दो फिल्मों में व्यस्त है। ‘बर्फी’ के बाद इस फिल्म के लिए मैं और रणबीर दोबारा एकसाथ होंगे।

किशोर कुमार का असली नाम अभास कुमार गांगुली था। फिल्मों के मशहूर पाश्र्व गायक किशोर कुमार ने बंगाली, हिंदी, मराठी, असमिया, गुजराती, कन्नड़, भोजपुरी, मलयालम और उड़िया समेत कई भाषाओं में गीत गाए। इसके अलावा उन्होंने कई फिल्मों में अभिनय भी किया ।

अपने चारों भाई बहनों में सबसे छोटे किशोर कुमार अभिनेता बनने की बजाय गायक बनना चाहते थे। लेकिन उनके बड़े भाई अशोक कुमार चाहते थे कि वे उनकी तरह एक अभिनेता बनें।

किशोर कुमार जैसी महान हस्ती की जिंदगी पर कहानी लिखना बसु के लिए आसान नहीं रहने वाला। बसु कहते हैं, ‘‘मैंने इसे लिखना शुरू कर दिया है। इसे लिखना बहुत मुश्किल है क्योंकि पूरी दुनिया इसे देखने वाली है। शूटिंग शुरू करने से पहले ही मुझे इस फिल्म के बारे में खुश और निश्चिंत हो जाना चाहिए।’’

बसु ने कहा, ‘‘किशोर दा की दीवानगी इस फिल्म में दिखेगी। मैं भाग्यशाली हूं कि यह फिल्म मुझे मिली। शोमित ने एक कहानी लिखी है। मैं किशोर दा का एक बड़ा प्रशंसक हूं। मुझे लगता है कि वह सबसे रंगीन आदमी थे। इसीलिए हमने उनकी जिंदगी पर एक फिल्म बनाने की सोची। यह फिल्म बहुत मनोरंजक होगी।’’ बसु ने बताया कि जब उन्होंने इस फिल्म के लिए रणबीर से पूछा तो उसे यह विचार बहुत पसंद आया।

रणबीर को इस फिल्म के लिए अपने लुक में थोड़े बदलाव करने होंगे। किशोर कुमार ने चार शादियां की थीं। उनकी पहली पत्नी बंगाली गायिका और अभिनेत्री रूमा घोष थीं। 1950 से 1958 तक चली इस शादी के बाद उन्होंने मधुबाला से शादी की। मधुबाला की मौत के बाद किशोर कुमार ने योगिता बाली से शादी की। यह शादी दो ही साल चली। इसके बाद उन्होंने लीना चंदावरकर से शादी की।

ऐसी अटकलें हैं कि फिल्म में मधुबाला के किरदार के लिए कैटरीना कैफ को लिया जा सकता है। हालांकि बसु कहते हैं कि हममें से किसी ने भी फिल्म की नायिका के बारे में अब तक नहीं सोचा है। अबतक हम तीन यानी मेरे, यूटीवी और रणबीर के नाम पर फैसला हुआ है। (एजेंसी)

First Published: Friday, September 21, 2012, 15:52

comments powered by Disqus