Last Updated: Friday, August 30, 2013, 15:54

मुंबई: लोकप्रिय गेम शो `कौन बनेगा करोड़पति` (केबीसी) का सातवां संस्करण लॉन्च हो गया है और इस बार यह और अधिक भव्य और बेहतरीन तरीके से प्रस्तुत किया जाएगा। इस शो की मेजबानी महानायक अमिताभ बच्चन करते हैं। केबीसी 2013 के लिए इनाम की राशि पांच करोड़ से बढ़ा कर सात करोड़ कर दी गई है और प्रतिभागियों को यह राशि जीतने के लिए 15 सवाल का जवाब देना होगा।
इस नए संस्करण में `सप्त कोटी संदूक` के चार सवाल होंगे जिसमें विजेता को एक करोड़, तीन करोड़, पांच करोड़ और चौथे सवाल पर सात करोड़ जीतने का मौका मिलेगा। `फास्टेस्ट फिंगर फर्स्ट` में पहुंचना अब ज्यादा चुनौतिपूर्ण हो गया है और इसमें बदलाव किए गए हैं। इसे `बेस्ट आउट ऑफ थ्री` नाम दिया गया है।
लाइफलाइन की संख्या भी इस बार चार की जगह पांच कर दी गई है। `आडियंस पोल` और `फोन ए फ्रेंड` विकल्प अभी भी बरकरार है जबकि `आस्क द एक्सपर्ट` की जगह `फ्लिप द क्वेश्चन` और `डबल डिप` का स्थान `50-50` ने लिया है। इसके साथ ही इसमें नया विकल्प `पावर पपलू`जोड़ा गया है। केबीसी का अगला संस्करण छह सितंबर से सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन पर प्रसारित होगा। (एजेंसी)
First Published: Friday, August 30, 2013, 15:54