Last Updated: Thursday, October 25, 2012, 13:38

चंडीगढ़ : भारतीय टेलीविजन के प्रख्यात हास्य व्यंग्य कलाकारों में जसपाल सिंह भट्टी एक ऐसा चर्चित चेहरा थे जो आम आदमी की रोजमर्रा की समस्याओं को बेहद सरल और सहज लेकिन गहरे तक असर करने वाले हास्य के साथ उठाते थे। 57 वर्षीय भट्टी का गुरुवार को तड़के कार दुर्घटना में निधन हो गया।
भट्टी अपनी टीवी श्रृंखला ‘फ्लॉप शो’ और लघु कैप्सूल ‘उल्टा पुल्टा’ के लिए हमेशा याद किए जाएंगे। उनके ये दोनों शो 1980 के दशक के आखिर में और 1990 के दशक के शुरू में दूरदर्शन के सुनहरे दौर में दर्शकों को गुदगुदाने में सफल रहे थे।
बहुत छोटे बजट की श्रृंखला ‘फ्लॉप शो’ तो मध्यम वर्ग के लोगों की समस्याओं को एक विशिष्टता के साथ उठाने के लिए आज भी याद की जाती है। भट्टी की पत्नी सविता भट्टी इस शो की न सिर्फ निर्माता थीं बल्कि इसकी सभी कड़ियों में उन्होंने उनकी पत्नी की भूमिका भी निभाई थी। तीन मार्च 1955 को अमृतसर में एक राजपूत सिख परिवार में जन्मे भट्टी ने चंडीगढ़ स्थित पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज से इलेक्ट्रिकल इंजीनियर के तौर पर स्नातक किया।
शहर में भट्टी ने नुक्कड़ नाटक भी पेश किए जो खासे लोकप्रिय हुए। उन्होंने समाज में फैले भ्रष्टाचार पर हास्य से भरपूर अपने नाटकों के जरिये जम कर निशाना साधा। टीवी की दुनिया में आने से पहले भट्टी चंडीगढ़ के अखबार ‘द ट्रिब्यून’ में कार्टूनिस्ट थे।
छोटे पर्दे पर अपने शो की सफलता के बाद भट्टी ने हिन्दी और पंजाबी फिल्मों में काम किया। वर्ष 1999 में वह फिल्म ‘जानम समझा करो’ में सलमान खान के निजी सचिव बने और इस भूमिका में लोगों ने उन्हें खूब पसंद किया। (एजेंसी)
First Published: Thursday, October 25, 2012, 13:38