Last Updated: Monday, July 9, 2012, 12:41

ज़ी न्यूज ब्यूरो/एजेंसी
मुंबई : कुश्ती चैम्पियन और बॉलीवुड कलाकार दारा सिह (84) की हालत नाजुक बनी हुई है। उन्हें कृत्रिम गुर्दे के सहारे रखा गया है। सोमवार को एक चिकित्सक ने इसकी जानकारी दी। सोमवार को अस्परताल की ओर दिए गए मेडिकल बुलेटिन के अनुसार, पिछले 36 घंटों में दारा सिंह की हालत बेहद नाजुक हुई है। दारा सिंह के खून में ऑक्सीकजन की बहुत कमी है।
वयोवृद्ध दारा सिंह को हृदय की गंभीर बीमारी के संबंध में शनिवार को मुम्बई स्थित कोकिलाबेन धीरूभाई अम्बानी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रविवार को भी उनकी स्थिति नाजुक बनी रही और
अभी तक उसमें कोई सुधार नहीं हुआ है।
अस्पताल के चिकित्सक राम नारायण ने बताया कि उनकी स्थिति अभी भी बहुत खराब है। उनकी स्थिति बिगड़ी नहीं है लेकिन उसमें सुधार नहीं हुआ है। उन्हें अत्यधिक मात्रा में दवा की जरूरत है। उनकी बीमारी जिसके इलाज के लिए वे आए थे उसने उनके गुर्दे को प्रभावित कर दिया है। उनका गुर्दा ठीक से काम नहीं कर रहा जैसा उसे करना चाहिए, इसलिए हमने उन्हें कृत्रिम गुर्दे के सहारे रखा है।
कुश्ती में अपनी कुशलता की बदौलत रूस्तम-ए-हिंद का खिताब पाने वाले दारा सिंह ने साल 1960 में हिदी सिनेमा का रूख किया था।
वह 'वतन से दूर', 'दादा' , 'रूस्तम-ए-बगदाद', 'शेर दिल', 'सिकंदर-ए-आजम', 'मेरा नाम जोकर', 'धरम-करम' जैसी कई फिल्मों में नजर आए। उन्हें आखिरी बार 2007 में प्रदर्शित फिल्म 'जब वी मेट' के जरिए रूपहले पर्दे पर देखा गया था। दारा सिंह ने कई टेलीविजन धारावाहिकों में भी काम किया है, जिनमें 'रामायण' में उनके द्वारा निभाया गया हनुमान का किरदार काफी लोकप्रिय हुआ। (एजेंसी)
First Published: Monday, July 9, 2012, 12:41