Last Updated: Sunday, August 26, 2012, 11:53
ज़ी न्यूज ब्यूरोमुंबई : बॉलीवुड के हर दौर में अपना अलग स्थान रखने वाले वयोवृद्ध अभिनेता और `दादाजी` के नाम से मशहूर अवतार किशन हंगल का रविवार सबह मुंबई के अस्पताल में निधन हो गया। उन्हें मुंबई के आशा पारेख अस्पताल में जीवनरक्षक प्रणाली पर रखा गया था। ए.के. हंगल 95 साल के थे। आज शाम उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
बीते जमाने के इस मशहूर अभिनेता ने करीब 200 से अधिक फिल्मों में अपनी अदाकारी का जलवा दिखाया था। नमक हराम, शोले, शौकीन, आइना, बावर्ची उनकी सर्वश्रेष्ठ फिल्मों में से हैं। सात साल के एक लंबे ब्रेक के बाद उन्होंने हाल ही में सीरियल मधुबाला के जरिए वापसी की थी। हंगल भारत के स्वतंत्रता संग्राम से भी जुड़े रहे। उनका जन्म 1 फरवरी 1917 को हुआ था।
हंगल को गत 16 अगस्त को अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां उन्हें जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया था। उनका एक फेफड़ा काम नहीं कर रहा था, साथ ही उन्हें सांस लेने में भी परेशानी हो रही है। हंगल 13 अगस्त को अपने घर के बाथरूम में गिर पड़े थे जिससे उनकी दायीं जांघ की हड्डी टूट गई थी। उनकी कमजोर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उनकी सर्जरी न करने का फैसला किया था।
First Published: Sunday, August 26, 2012, 10:00