Last Updated: Thursday, July 19, 2012, 22:48

मुंबई: हिंदी सिनेमा के पहले सुपरस्टार राजेश खन्ना को उनके परिजनों, प्रशंसकों और फिल्म जगत की ओर से नम आंखों से विदाई दी गई। मुम्बई में भारी बारिश के बावजूद काका की अंतिम यात्रा में उनके अंतिम दर्शन के लिए हजारों की संख्या में लोग सड़कों पर उमड़ पड़े।
69 वर्षीय अभिनेता का जुहू स्थित पवन हंस शवदाह गृह में अंतिम संस्कार किया गया। खन्ना का बुधवार को उनके निवास आशीर्वाद में निधन हो गया था। दो दिन पहले ही उन्हें लीलावती अस्पताल से छुट्टी मिली थी। खन्ना के नाती आरव ने उन्हें मुखाग्नि दी। इस मौके पर आरव के पिता अक्षय कुमार भी उसके साथ थे।
खन्ना के निधन की वजह क्या थी इस बारे में उनके परिवार या चिकित्सकों की ओर से आधिकारिक तौर पर घोषणा नहीं की गई है लेकिन उनके करीबियों ने उन्हें यकृत समस्या होने की ओर संकेत किया है।
राजेश खन्ना के प्रशंसकों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। वह अपने प्रशंसकों में काका के नाम से मशहूर थे। शवदाह गृह के बाहर सैकड़ों की संख्या में लोग एकत्रित हुए थे और उनकी पुलिस के साथ धक्का मुक्की भी हुई।
इस दौरान राजेश खन्ना अमर रहे जैसे नारे लगाये गए जबकि कई प्रशंसक अपने हाथों में काका का पोस्टर लिये हुए थे। राजेश खन्ना ने हिंदी सिनेमा में अपने लंबे करियर के दौरान करीब 170 फिल्मों में अभिनय किया। उन्होंने इनमें से अधिकतर फिल्मों में मुख्य भूमिकाएं निभायीं। खन्ना को अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए अमिताभ बच्चन, अभिषेक बच्चन, मनोज कुमार, रानी मुखर्जी और करन जौहर सहित बॉलीवुड की तमाम हस्तियां शवदाह गृह पहुंची थीं।
राजेश खन्ना की अंतिम यात्रा सुबह करीब 10 बजे बांद्रा में कार्टर रोड स्थित उनके बंगले आशीर्वाद से शुरू हुई। उनके बंगले के बाहर बड़ी संख्या में प्रशंसक एकत्रित हुए थे। उनके पार्थिव शरीर को एक खुले ट्रक में शीशे के ताबूत में रखा गया था। ट्रक को सफेद रंग के फूलों से सजाया गया था। ट्रक ने विभिन्न रास्तों से होते हुए शवदाह गृह तक 10 किलोमीटर की दूरी करीब एक घंटे में तय की।
ट्रक पर खन्ना के दामाद एवं अभिनेता अक्षय कुमार, डिम्पल कपाड़िया तथा उनकी छोटी पुत्री रिंकी खन्ना खड़ी थीं। कपाड़िया कुछ समय से खन्ना से अलग रह रही थीं। वाहन के दोनों ओर खन्ना के बड़े बड़े श्याम श्वेत फोटो लगाये गए थे। (एजेंसी)
First Published: Thursday, July 19, 2012, 22:48