मलयालम अभिनेत्री सुकुमारी नहीं रहीं

मलयालम अभिनेत्री सुकुमारी नहीं रहीं

तिरुवनंतपुरम : मलयालम फिल्म उद्योग में करीब छह दशकों से अपनी विशिष्ट पहचान बनाने वाली सुकुमारी का मंगलवार की संध्या चेन्नई के एक अस्पताल में निधन हो गया। लोग उन्हें प्यार से `अम्मा` पुकारते थे। निर्देशक प्रियदर्शन ने कहा कि उनका अंतिम संस्कार चेन्नई में होगा।

उनके परिजनों ने बताया कि 74 वर्षीय सुकुमारी पिछले महीने चेन्नई के एक कार्यक्रम में दीप प्रज्‍जवलित करने के दौरान गिर गई थीं और उनके कुछ अंग झुलस गए थे। इलाज के दौरान मंगलवार को दिल का दौरा पड़ने के कारण उनका निधन हुआ।

1938 में त्रावणकोर के नगरकोली में जन्मीं सुकुमारी विख्यात अभिनेत्रियां ललिता, पद्मिनी और रागिनी की मौसेरी बहन थीं। उनके प्रभाव के बदौलत ही उन्होंने फिल्म उद्योग में कदम रखा और 1951 में पहली बार `ओरारीवू` में काम किया था। सुकुमारी के पति बहुत पहले ही साथ छोड़ चुके थे। डॉ. सुरेश भीमसिंह उनके बेटे हैं।

उन्होंने विभिन्न भाषाओं में 2,500 से अधिक फिल्मों में काम किया। उन्हें `नन्मा ग्राम्मम` में अभिनय के लिए वर्ष 2011 में सर्वश्रेष्ठ सह अभिनेत्री का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिला था। इसके अलावा उन्हें चार राज्य फिल्म पुरस्कार भी प्राप्त हुए थे। वर्ष 2003 में उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया गया था। (एजेंसी)

First Published: Wednesday, March 27, 2013, 13:37

comments powered by Disqus