मेंहदी हसन के मुफ्त इलाज की पेशकश - Zee News हिंदी

मेंहदी हसन के मुफ्त इलाज की पेशकश



ज़ी न्‍यूज ब्‍यूरो

 

जयपुर : राजस्थान के झुंझुनूं जिले में जन्मे जाने माने गजल गायक मेहंदी हसन इन दिनों बीमार हैं और गंभीर हालत में पाकिस्तान के कराची के एक अस्पताल में भर्ती हैं। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मेंहदी के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनका भारत में किसी भी स्थान पर राजस्थान सरकार की ओर से मुफ्त उपचार करवाने की पेशकश की।

 

गहलोत ने फोन पर हसन के पुत्र आरिफ से शुक्रवार को बात कर हसन के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उसके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कराची के एक अस्पताल में भर्ती मेंहदी हसन का उपचार भारत में किसी भी स्थान पर करवाने और उसका पूरा खर्च राजस्थान सरकार द्वारा वहन करने की पेशकश हसन के पुत्र से की।

 

उन्होंने कहा कि राजस्थान सरकार मेहंदी हसन की हर संभव मदद करने को तैयार है। आरिफ ने मुख्यमंत्री को इस पेशकश पर विचार कर जल्दी इस बारे में अवगत करवाने का भरोसा दिया है।

 

गहलोत ने बाद में भारत के विदेश राज्य मंत्री ई. अहमद से फोन पर बातचीत की और आरिफ से हुई बात की जानकारी दी। उन्होंने विदेश राज्य मंत्री से आग्रह किया कि यदि महेंदी हसन के परिजन उनका उपचार भारत में करवाने को तैयार हो जाते हैं तो उनका वीजा समेत अन्य कार्यवाही तत्काल करवाया जाए। उन्होंने राजस्थान के मुख्य सचिव एस. अहमद को विदेश मंत्रालय और हसन के परिवार के बीच लगातार संपर्क में रहने के निर्देश दिए हैं।

 

गौरतलब है कि गजल गायक महेंदी हसन राजस्थान के झुंझुनु गाव में पैदा हुए हैं। उन्होंने कुछ साल पहले जयपुर के अलबर्ट हाल में कार्यक्रम पेश किया था। विदित हो कि महेंदी हसन फेफड़े के संक्रमण से पीड़ित हैं और पाकिस्तान कराची के एक अस्पताल में उपचार करवा रहे हैं।

First Published: Friday, January 13, 2012, 13:35

comments powered by Disqus