विद्या बालन कांस फिल्म महोत्सव 2013 के निर्णायक मंडल में

विद्या बालन कांस फिल्म महोत्सव 2013 के निर्णायक मंडल में

विद्या बालन कांस फिल्म महोत्सव 2013 के निर्णायक मंडल मेंनई दिल्ली : बॉलीवुड की अभिनेत्री विद्या बालन और ‘लाइफ ऑफ पाई’ के निर्देशक आंग ली को प्रतिष्ठित 66 वें कांस फिल्म महोत्सव के नौ सदस्यीय निर्णायक मंडल में चुना गया है। निर्णायक मंडल की अगुवाई हॉलीवुड के निर्देशक स्टीवन स्पीलबर्ग करेंगे। प्रतिभाशाली अभिनेत्रियों में से एक 35 वर्षीय विद्या ने ‘द डर्टी पिक्चर’, ‘कहानी’ और ‘परिणीता’ में परंपरागत किरदारों से हट कर भूमिकाएं कीं जिन्हें बेहद सराहा गया।

स्पीलबर्ग की अगुवाई वाले निर्णायक मंडल में ऑस्कर पुरस्कार से सम्मानित अभिनेत्री निकोल किडमेन, आस्कर से सम्मानित क्रिस्टोफर वाल्ट्ज, जापानी निर्देशक नाओमी कवासे, स्कॉटलैंड के निर्देशक लेनी रैमसे, फ्रांसीसी अभिनेता और निर्देशक डेनियल औतेइल तथा रोमानियाई निर्देशक क्रिश्चियन मुंगियू शामिल हैं।

कांस फिल्म महोत्सव 15 मई से 26 मई तक चलेगा और इस साल प्रतिस्पर्धा में शामिल 19 फिल्मों में से एक को निर्णायक मंडल पाल्मे डी’ओर पुरस्कार प्रदान करेगा।

निर्देशक अनुराग कश्यप ने ट्वीट किया ‘कांस निर्णायक मंडल में विद्या बालन... वाह, क्या बात है।’ पूर्व में निर्देशक शेखर कपूर और अभिनेत्री शर्मिला टैगोर कांस निर्णायक मंडल का हिस्सा रह चुके हैं। कांस ने इस साल भारत को देश के सिनेमा के 100 साल पूरे होने के जश्न के लिए आमंत्रित किया है। अभिनेत्री नंदिता दास लघु फिल्मों के लिए एक अलग निर्णायक मंडल में शामिल हैं।

कांस फिल्म महोत्सव की शुरूआत 15 मई को ‘द ग्रेट गैट्सबाई’ से होगी। फिल्म में मेगास्टार अमिताभ बच्चन भी हैं। फिल्म महोत्सव के उद्घाटन समारोह में अमिताभ भी शामिल होंगे। आयोजकों ने उनकी बहू ऐश्वर्या राय को विशेष तौर पर आमंत्रित किया है। ऐश्वर्या नियमित रूप से इस महोत्सव में शामिल होती हैं। इस साल चार भारतीय फिल्में अलग अलग गैर स्पर्धा श्रेणियों के लिए चुनी गई हैं।

महोत्सव में चार निर्देशकों.. अनुराग कश्यप, दिवाकर बनर्जी, जोया अख्तर और करण जौहर के निर्देशन में बनी ‘बॉम्बे टॉकीज’ का प्रदर्शन होगा। अनुराग कश्यप अपनी फिल्म ‘अगली’ का प्रदर्शन ‘डायरेक्टर्स फोर्टनाइट साइडबार’ में करेंगे जहां उन्होंने पिछली बार दो भाग में ‘गैंग्स ऑफ वसेपुर’ का प्रदर्शन किया था। ‘कान्स क्रिटिक वीक’ और ‘मिडनाइट स्क्रीनिंग’ सैक्शन के लिए क्रमश: ‘डब्बा’ और ‘मानसून शूटआउट’ का चयन किया गया है।(एजेंसी)

First Published: Wednesday, April 24, 2013, 12:31

comments powered by Disqus