Last Updated: Tuesday, August 14, 2012, 23:14
मुंबई : केंद्रीय मंत्री और बालीवुड स्टार रितेश देशमुख के पिता विलासराव देशमुख के निधन पर बालीवुड के नामचीन हस्तियों ने गहरा शोक जताया और उन्हें एक दूरदर्शी व्यक्ति और एक बेहतरीन इंसान बताया। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देशमुख को जिगर की बीमारी का इलाज कराने के लिए चेन्नई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां आज दोपहर में उनका निधन हो गया।
बालीवुड सुपरस्टार शाहरूख खान ने यहां संवाददाताओं से कहा कि आज मैं बहुत दुखी महसूस कर रहा हूं। मैं विलासराव देशमुख को वर्षों से जानता हूं। रितेश मेरा करीबी मित्र है और मैंने उनसे बात की है। उन्होंने कहा कि मैं बहुत दुखी हूं। इसकी अपेक्षा नहीं थी। वह एक बेहतरीन इंसान थे। मैं बहुत परेशान हूं। इस दुख की घड़ी में मैं उनके परिवार के साथ हूं।
अभिनेता अक्षय कुमार ने ट्विटर पर लिखा कि जिस व्यक्ति ने मुंबई को शंघाई बनाने का सपना देखा था, वह अब नहीं रहा । विलासराव जी ईश्वर आपकी आत्मा को शांति दे। वह एक दूरदर्शी इंसान और मेरे प्रिय मित्र रितेश के पिता थे। ईश्वर आपको शक्ति दे।
अभिनेत्री माधुरी दीक्षित ने उनके परिवार को भेजे शोक संदेश में कहा कि विलासराव देशमुख के निधन की खबर सुनकर बहुत दुखी हूं। मेरी संवेदना उनके परिवार के साथ है। फिल्मकार करण जौहर ने कहा कि विलासराव सर ईश्वर आपकी आत्मा को शांति दे। मेरी प्रार्थनाएं परिवार के साथ है। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, August 14, 2012, 23:14