Last Updated: Saturday, February 2, 2013, 17:58

मुम्बई : बॉलीवुड अभिनेता बोमन ईरानी का कहना है कि फिल्म की विषय वस्तु कुछ भी हो यदि कोई उस फिल्म पर विवाद खड़ा करने पर आमादा है तो वह रास्ता निकाल ही लेगा। बोमन कमल हासन की फिल्म `विश्वरूपम` पर चल रहे विवाद पर बोल रहे थे।
बोमन ईरानी (43) ने शुक्रवार को कहा,"यदि कोई फिल्मों को लेकर विवाद खड़ा करना चाहता है तो वह ये काम किसी भी फिल्म के साथ कर सकता है। यह दुख की बात है। भले ही आप ईमानदारी से फिल्म बनाएं यदि किसी को आपत्ति करनी है तो वह करेगा ही। दुर्भाग्य से सिनेमा जगत को बड़ी आसानी से निशाना बनाया जा सकता है।"
उन्होंने कहा, "रचनात्मकता का गला दबते देखना बुरा लगता है। इस देश में कई चीजें ऐसी हैं जिन पर रोक लगनी चाहिए लेकिन फिल्म में किसी की मेहनत है, इसमें पैसा लगा है। ये वाकई नाइंसाफी है। ये बिल्कुल अराजकता वाली बात है।"
पिछले माह 24 मुस्लिम संगठनों द्वारा आपत्ति किए जाने के बाद फिल्म `विश्वरूपम` के तमिल-तेलुगु संस्करण के प्रदर्शन पर तमिलनाडु में 15 दिन तक प्रतिबंध लगा दिया गया था।
`विश्वरूपम` का हिंदी संस्करण `विश्वरूप` शुक्रवार को प्रदर्शित किया गया है। फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों की मिली जुली प्रतिक्रियाएं मिल रही हैं। (एजेंसी)
First Published: Saturday, February 2, 2013, 17:58