Last Updated: Monday, July 22, 2013, 12:26
ज़ी मीडिया ब्यूरो मुंबई : लंबे समय से एक दूसरे से बातचीत नहीं करने वाले शाहरूख खान और सलमान खान के रविवार को यहां एक पांच सितारा होटल में कांग्रेस विधायक बाबा सिद्दीकी की ओर से आयोजित इफ्तार पार्टी में पुराने गिले शिकवे मिटाकर गले मिलने की खबर है। बाबा सिद्दीकी की इफ्तार पार्टी में बॉलीवुड के इन दो सितारों के बीच पिछले पांच साल से चल रही तकरार का अंत हो गया और रमजान के पाक मौके पर खान अभिनेताओं का मिलन हो गया।
एक टीवी फुटेज़ में दिखाया गया कि शाहरूख सलीम खान के साथ बैठे हुए थे तभी सलमान ने उनका कंधा थपथपाया। इसके बाद फिल्म ‘करण-अर्जुन’ में एक साथ अभिनय कर चुके दोनों अभिनेता एक-दूसरे से गले मिले। दोनों अभिनेताओं के बीच 2008 में कटरीना कैफ के जन्मदिन की पार्टी में झगड़ा हो गया था। तभी से दोनों सार्वजनिक स्थानों पर एक दूसरे से बचते रहे हैं।
दोनों सितारों के इस मिलन के बाद समूचा बॉलीवुड बेहद खुश है। इसी पार्टी में शाहरुख खान, सलमान और उनके पिता सलीम खान भी मौजूद थे। वहां मौजूद लोगों ने किंग खान और दबंग के इस मिलन का स्वागत तालियों के साथ किया। अब यह तो समय ही बताएगा कि दोनों के गले मिले हैं, क्या दिल भी मिलेंगे? हालांकि जब सलमान इफ्तार पार्टी से रवाना हो रहे थे, तब उनके चेहरे पर मीठी मुस्कान जरूर पढ़ी जा सकती थी।
इफ्तार पार्टी के आयोजक कांग्रेस विधायक बाबा सिद्दीकी ने कहा कि मैं अपने आपको खुशनसीब मानता हूं कि मैंने दोनों को न्योता दिया था, वे आए और गले मिले। किसी को जोड़ना अच्छी बात है। रमजान का पावन महीना चल रहा है। यह रहमत का महीना है और इसमें अल्लाह की मर्जी थी और वह हुई। इनका मिलन दोनों के प्रशंसकों के लिए अच्छा है। गौर हो कि साल 2008 में अभिनेत्री कैटरीना कैफ के जन्मदिन पार्टी के मौके पर दोनों अभिनेताओं के बीच खासा विवाद हुआ था। अब पांच साल के बाद दोनों अभिनेताओं ने एक-दूसरे से कड़वाहट दूर की है।
First Published: Monday, July 22, 2013, 10:44