Last Updated: Thursday, December 27, 2012, 15:52

ज़ी न्यूज ब्यूरो/एजेंसी
मुंबई : बॉलीवुड अभिनेता और `दबंग` सलमान खान को गुरुवार को उनके 47वें जन्मदिन पर एक बड़ी सौगात मिली है। हिट एंड रन केस में अदालत ने उन्हें कोर्ट में पेशी से राहत दे दी है। हालांकि इस साल पुराने इस केस की टीस उनके मन में बनी रहेगी।
उधर, बॉलीवुड सितारे सलमान खान के जन्मदिन पर गुरुवार को उन्हें ढेरों शुभकामनाएं मिलीं। फिल्मी हस्तियों ने सलमान के 47वें जन्मदिन पर उन्हें खुशियों और अच्छे स्वास्थ्य की शुभकामनाएं दीं। बॉलीवुड हस्तियों ने ट्विटर के जरिए सलमान को बधाई संदेश दिए।
मेट्रोपॉलिटन अदालत ने आज अभिनेता सलमान खान को वर्ष 2002 में कार से मारकर भागने के मामले में व्यक्तिगत तौर पर पेश होने से छूट दे दी है।
बांद्रा के मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट ने सलमान (47) के वकील दीपेश मेहता के आवेदन पर यह निर्णय लिया है। मेहता ने कहा था कि बंबई उच्च न्यायालय ने पहले ही सलमान खान को सभी व्यक्तिगत पेशियों से छूट दे दी है।
आज अभिनेता सलमान खान की 47वीं सालगिरह है। अदालत सलमान खान और पुलिस पर जानबूझ कर मामले की सुनवाई में देर करने का आरोप लगाते हुए की गई शिकायत पर आज सुनवायी कर रही थी। अदालत ने इन आरोपों का जवाब देने के लिए सलमान खान को व्यक्तिगत तौर पर उपस्थित होने का आदेश दिया था।
सलमान ने आज अदालत से कहा कि वह मामले की सुनवायी में हो रही देरी के लिए जिम्मेदार नहीं हैं और उन्होंने शिकायत को खारिज करने की मांग की।
सलमान के वकील मेहता ने कहा कि उच्च न्यायालय ने अभिनेता को व्यक्तिगत पेशी से स्थायी छूट दे रखी है। मेहता ने कहा कि जब भी अदालत सलमान को निर्देश देगी वह उसके समक्षे पेश होने के लिए तैयार हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सलमान के खिलाफ की गई शिकायत अपराध प्रक्रिया संहिता के तहत विचार योग्य नहीं है और उसका कोई आधार भी नहीं है।
मेहता ने कहा कि बंबई उच्च न्यायालय ने अपने समक्ष पेश तथ्यों और परिस्थितियों के आधार पर 10 जून 2005 को इस मामले में सलमान को व्यक्तिगत पेशी से छूट दे दी थी। सलमान ने कहा कि उनके खिलाफ शिकायतकर्ता का यह गलत आरोप लगाया है कि व्यक्तिगत पेशी से छूट की मांग करने के कारण ही इस मुकदमे की सुनवाई में देरी हो रही है।
शिकायत में संतोष दाउंदकर ने आरोप लगाया है कि वर्ष 2002 के इस मामले को सलमान के व्यस्त फिल्म शेड्यूल के कारण चार वर्ष देर किया गया है। वर्ष 2002 में बांद्रा में सलमान की कार एक बेकरी से टकरा गयी थी। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और चार अन्य घायल हो गए थे।
First Published: Thursday, December 27, 2012, 15:52