Last Updated: Friday, February 24, 2012, 16:04
मुम्बई : ताज महल पैलेस होटल में अभिनेता सैफ अली खान से हुए विवाद मामले में सलमान खान ने शुक्रवार को सैफ का पक्ष लिया। सलमान ने कहा कि कुछ दिखाए जाने से पहले मीडिया को सैफ का पक्ष भी सुनना चाहिए था।
क्यूबा से अपनी फिल्म 'एक था टाइगर' की शूटिंग से लौटे सलमान से इस घटना के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, 'घटना के बाद मीडिया केवल दूसरे पक्ष की बातों को रख रहा था। मीडिया ने सैफ का पक्ष सुनने की जहमत नहीं उठाई। हमें मामले में सैफ को अपना पक्ष रखने के लिए थोड़ी प्रतीक्षा करनी चाहिए थी।'
सलमान ने कहा, 'हम अभिनेता हैं और हम फिल्म उद्योग में लम्बे समय से हैं। सैफ इस फिल्मी दुनिया में 18 वर्षो से हैं। हम उन्हें जानते हैं।' उल्लेखनीय है कि सैफ अपने दोस्तों और महिला मित्रों के साथ बुधवार तड़के ताज महल पैलेस होटल के जापानी रेस्तरां में थे। इसी समय उनका भारतीय मूल के दक्षिण अफ्रीकी कारोबारी इकबाल शर्मा के साथ विवाद हो गया। शर्मा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि सैफ और उनके दोस्तों ने उन्हें और उनके ससुर पर हमला किया। जबकि सैफ ने कहा कि उन्हें हमला करने के लिए उकसाया गया।
(एजेंसी)
First Published: Friday, February 24, 2012, 21:34