तेज चलने से छूटेगा ज्यादा चॉकलेट खाना - Zee News हिंदी

तेज चलने से छूटेगा ज्यादा चॉकलेट खाना






लंदन : रोजाना 15 मिनट तेज चलने से आप कार्यस्थल पर चॉकलेट खाने की आदत को आधा कर सकते हैं। एक नए अध्ययन के अनुसार इस छोटी सी शारीरिक कसरत के बाद यहां तक कि तनावपूर्ण स्थितियों में भी दफ्तरों में काम करने वाले लोगों ने समान्य से आधी चॉकलेट खाई।

 

विज्ञान पत्रिका 'एपेटाइट' की रिपोर्ट के मुताबिक अध्ययन का नेतृत्व करने वाले एक्सेटर विश्वविद्यालय के प्रोफेसर एडरियन टेलर ने कहा, हम जानते हैं कि कार्यस्थल पर चॉकलेट जैसे उच्च कैलोरी खाद्य पदार्थो जैसे अल्पाहार पर निर्भरता एक न थमने वाली आदत बन जाती है और इससे वजन भी बढ़ सकता है।

 

एक बयान के अनुसार विश्वविद्यालय के शोधकर्ताओं ने नियमित रूप से चॉकलेट खाने वाले 78 लोगों को आमंत्रित किया। शोधकर्ताओं ने दो समूहों को 15 मिनट तक ट्रेडमिल पर चलाने के बाद कुछ काम करने के लिए दिया। एक समूह को दूसरे समूह की अपेक्षा थोड़ा अधिक कठिन काम दिया गया। काम करते वक्त उनके डेक्स पर चॉकलेट भी रखा गया।

 

शोधकर्ताओं ने दो अन्य समूहों को भी काम करने के लिए दिया, लेकिन काम से पहले उन्हें आराम करने दिया। पहले दो समूहों की तरह ही दूसरे दो समूहों में भी एक को दूसरे के मुकाबले अपेक्षाकृत जटिल काम करने के लिए दिया गया और उनके डेस्क पर भी चॉकलेट रखे गए।

 

शोधकर्ताओं ने पाया कि जिस समूह ने व्यायाम किया, उसने अन्य समूहों के मुकाबले आधी मात्रा में ही चॉकलेट खाया। चॉकलेट खाने पर हालांकि कार्य की जटिलता का कोई असर नहीं देखा गया।  (एजेंसी)

 

 

First Published: Thursday, December 8, 2011, 20:09

comments powered by Disqus