लम्बी उम्र चाहिए तो खबरों से जुड़िए - Zee News हिंदी

लम्बी उम्र चाहिए तो खबरों से जुड़िए



लंदन : अगर आप लम्बी उम्र चाहते हैं, तो खबरों से जुड़े रहिए। हालही में हुए एक नए अध्ययन से पता चला है कि खबरों और सामयिक मुद्दों पर पकड़ रखने वाले लोग अपने स्वास्थ्य के प्रति अधिक सजग होते हैं। साथ ही वह दीर्घायु भी होते हैं।

 

समाचार पत्र 'डेली मेल' के अनुसार अध्ययन में कहा गया है कि जो लोग समाचार पत्र, टेलीविजन और इंटरनेट पर खबरों पर नजर रखते हैं, वे उन लोगों की तुलना में अधिक स्वस्थ आहार लेते हैं, जिनके पास कम जानकारी होती है।

 

अध्ययन के दौरान एक हजार से ज्यादा लोगों का साक्षात्कार लिया गया। शोधकर्ताओं ने पाया कि खबरों और जन माध्यमों से जुड़े रहने वाले लोग स्वस्थ आहार लेते हैं। ये सभी अपने भोजन में फल और मछली पर्याप्त मात्रा में लेते हैं, जो मोटापा, दिल की बीमारियों और कैंसर की आशंका को कम करता है।

 

उल्लेखनीय है कि पूर्व में हुए अध्ययनों में कहा गया था कि जन संचार के माध्यम स्वास्थ्य पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकते हैं।

 

उदाहरण के तौर पर टीवी देखने को शारीरिक निष्क्रियता, अल्पाहार, मोटापे और दूसरी बीमारियों से जोड़कर देखा गया। लेकिन ताजा अनुसंधान से पता चलता है कि स्वास्थ्य के मुद्दों से जुड़े टीवी कार्यक्रम लोगों को स्वास्थ्य के प्रति सजग करते हैं।

 

अध्ययन में हिस्सा लेने वाले प्रतिभागियों ने जन संचार के साधन के उपयोग से जुड़ी एक प्रश्नावली को भरा, जिसका चिकित्सा, जीवनशैली और आहार के आंकड़ों के साथ विश्लेषण किया गया। परिणामों से पता चला कि सामयिक मुद्दों को जानने के इच्छुक लोग अधिक अच्छे आहार का सेवन करते हैं। (एजेंसी)

First Published: Sunday, January 15, 2012, 15:31

comments powered by Disqus