Last Updated: Monday, November 25, 2013, 20:12
मुंबई : ईरान समझौते के बाद कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के बीच आज बंबई शेयर बाजार में तीन दिन से चली आ रही गिरावट थम गई। वहीं डालर के मुकाबले रुपया भी मजबूती के साथ बंद हुआ। कच्चे तेल के दामों में गिरावट से चालू खाते का घाटा कम करने में मदद मिलेगी।
बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स आज मजबूत खुलने के बाद पूरे दिन सकारात्मक दायरे में बना रहा। अंत में यह 387.69 अंक यानी 1.92 प्रतिशत की मजबूती के साथ 20,605.08 अंक पर बंद हुआ। इससे निवेशकों की पूंजी एक लाख करोड़ रुपये बढ़ गई। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 2 प्रतिशत या 119.90 अंक की बढ़त के साथ 6,115.35 अंक पर पहुंच गया।
शेयर बाजारों में मजबूती के बीच वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से रपया 37 पैसे उछलकर 62.50 रपये प्रति डालर पर बंद हुआ। अंतरबैंक विदेशी विनिमय बाजार में रपया 62.67 पर मजबूती से खुलने के बाद 62.44 से 62.70 के दायरे में रहा और अंत में 37 पैसे या 0.59 प्रतिशत की बढ़त के साथ 62.50 प्रति डालर पर बंद हुआ।
ईरान द्वारा अपने परमाणु कार्यक्रम को सीमित रखने की सहमति के बाद बेंचमार्क डब्ल्यूटीआई व ब्रेंट कच्चे तेल की कीमतों में दो प्रतिशत की गिरावट आई। इससे यह उम्मीद बंधी है कि उसके तेल निर्यात से प्रतिबंध जल्द हट सकता है।
ब्रोकरेज फर्म आरकेएसवी के सह संस्थापक रघु कुमार ने कहा, कच्चे तेल की कीमतों में कमी से देश में महंगाई को नीचे लाने में मदद मिलेगी। भारत अपनी कच्चे तेल की जरूरत का 80 फीसद आयात से पूरा करता है। कुमार ने कहा कि कच्चे तेल की आयात लागत घटने से चालू खाते के घाटे को कम करने में मदद मिलेगी। (एजेंसी)
First Published: Monday, November 25, 2013, 20:12