Last Updated: Saturday, May 10, 2014, 17:43
लंदन : कपारो समूह के संस्थापक एवं अप्रवासी भारतीय लॉर्ड स्वराज पॉल को बर्मिंघम में एशियन बिजनेस अवार्ड मिडलैंड्स 2014 से सम्मानित किया गया। कंपनी की ओर से पुरस्कार हासिल करने के बाद लार्ड पॉल की पुत्री अंजलि पॉल ने इस पुरस्कार को अपनी छोटी बहन अंबिका को समर्पित किया।
अंजलि ने कल पुरस्कार समारोह में कहा, मेरे परिवार और मैंने इस पुरस्कार को अपनी छोटी बहन अंबिका को समर्पित करने का निर्णय किया है, जो अब हमारे बीच नहीं है लेकिन उसके बगैर कपारो कंपनी भी नहीं हो सकती थी। हम इस अवसर पर अंबिका को याद करते हैं और पुरस्कार के लिए धन्यवाद देते हैं।
उल्लेखनीय है कि लार्ड पॉल 1966 में अपनी बच्ची अंबिका के इलाज के लिए लंदन गये थे। अंबिका ल्यूकेमिया से पीड़ित थी। अंबिका की मौत के सदमे से उबरने पर पॉल ने कपारो समूह की स्थापना की। इस समय कपारो ब्रिटेन की सबसे बड़ी पारिवारिक कारोबारी कंपनी है।
(एजेंसी)
First Published: Saturday, May 10, 2014, 17:43