कोल इंडिया की इंडोनेशिया में खान अधिग्रहण पर निगाह

कोल इंडिया की इंडोनेशिया में खान अधिग्रहण पर निगाह

नई दिल्ली : अपनी विदेशों में अधिग्रहण की नीति को आगे बढ़ाते हुए कोल इंडिया इंडोनेशिया में खान अधिग्रहण के पांच प्रस्तावों पर विचार कर रही है। कोल इंडिया की विदेशों में अधिग्रहण की योजना ऐसे समय आई है जबकि कंपनी कोयले की भारी कमी का सामना कर रही है। इससे देश के बिजली और उर्वरक क्षेत्र बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं।

कोयला मंत्रालय के सूत्रों ने कहा, ‘‘सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी इंडोनेशिया में खान अधिग्रहण के चार से पांच प्रस्तावों पर विचार कर रही है।’’ हालांकि, सूत्रों ने यह नहीं बताया कि ये अधिग्रहण कब तक किए जा सकते हैं। कोल इंडिया ने इस साल सितंबर में विदेशी परिसंपत्तियों के अधिग्रहण के लिए वैश्विक कंपनियों से रुचि पत्र मांगे थे।

कोयला मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल ने इससे पहले कहा था कि विदेशों में कोयला खानों का अधिग्रहण आक्रामक तरीके से किया जाएगा जिससे देश की ऊर्जा की जरूरत को पूरा किया जा सके।

कोयले की कमी के मद्देनजर सरकार भी इसके आयात के प्रस्ताव पर विचार कर रही है। इस बीच, कोल इंडिया ने मोजाम्बिक में अपनी दोहरी खानों की ड्रिलिंग के लिए बोलियों को अंतिम रूप दे दिया है। (एजेंसी)

First Published: Sunday, December 8, 2013, 13:44

comments powered by Disqus