Last Updated: Saturday, May 31, 2014, 23:40
नई दिल्ली : राज्य शुल्क को छोड़ कर डीजल के दामों में आज 50 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गयी है। तीन सप्ताह के दौरान डीजल के दामों में यह दूसरी बार बढ़ोतरी है।
नये तेल मंत्री धर्मेंन्द्र प्रधान ने यूपीए सरकार द्वारा शुरू की गयी सुधार को जारी रखते हुए राज्य के स्वामित्व वाली तेल कंपनियों के साथ कई दौर की बैठकें की जिसके बाद दाम में यह मासिक वृद्धि की गयी है। दाम में बढ़ोतरी से भाजपा सरकार ने स्पष्ट संकेत दे दिया है कि वह पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के सुधारों को जारी रखेगी।
जनवरी 2013 में संप्रग सरकार ने हर महीने डीजल के दामों में मामूली 50 पैसे की बढ़ोतरी करने का निर्णय लिया था। यह निर्णय उस समय तक के लिए लिया गया था जब तक कि देश में डीजल पर सब्सिडी समाप्त न हो जाए।
तेल कंपनियों ने घोषणा की है कि यह बढ़ोतरी आज मध्य रात्रि से लागू हो जाएगी। यह बढ़ोतरी राज्य बिक्री कर या वैट को छोड़ कर है जिससे डीजल का वास्तविक मूल्य अधिक हो जाएगा और इसमें शहर-दर-शहर अंतर रहेगा।
शुल्क के साथ 57 पैसों की बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में डीजल का दाम 57.28 प्रति लीटर हो जाएगा जबकि मुंबई में इसकी कीमत 65.84 प्रति लीटर हो जाएगी। इससे पहले 13 मई को डीजल के दामों में बढ़ोतरी की गयी थी। (एजेंसी)
First Published: Saturday, May 31, 2014, 23:40