दक्षिण अफ्रीकी वाहन उद्योग में फिर से हड़ताल

दक्षिण अफ्रीकी वाहन उद्योग में फिर से हड़ताल

जोहांसबर्ग : पिछले कुछ महीनों से दक्षिण अफ्रीकी वाहन उद्योग में जारी श्रमिकों की अस्थिरता के बीच गुरुवार को फिर एक बार हजारों कामगारों ने हड़ताल कर दी। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक दक्षिण अफ्रीका परिवहन एवं संबंधित कामगार संघ (एसएटीएडब्ल्यूयू) की अपील पर तीन हजार से अधिक परिवहन कर्मचारियों ने हड़ताल में हिस्सा लिया और अगले दो साल तक वेतन में 12 फीसदी वृद्धि की मांग की।

संघ ने कहा कि नियोक्ताओं द्वारा कामगारों की मांग ठुकरा देने के बाद संघ ने हड़ताल की। नियोक्ताओं ने अगले साल के लिए वेतन में 10 फीसदी और 2015 के लिए आठ फीसदी वृद्धि की पेशकश की है। हड़ताल के कारण बंदरगाह तक की परिवहन व्यवस्था चरमरा गई।

हड़ताल के कारण प्रमुख वाहन निर्माता कंपनियों जैसे बीएमडब्ल्यू, वॉक्सवैगन एजी, निसान और मर्सिडीज बेंज की बिक्री व्यवस्था ठप पड़ गई। स्थानीय बाजार में वाहनों का आयात भी प्रभावित हुआ। इससे पहले अगस्त और सितंबर में हड़ताल के कारण दक्षिण अफ्रीका के वाहन उद्योग पर बुरा असर पड़ा था।

नेशनल एसोसिएशन ऑफ ऑटोमोबाइल मैन्यूफैक्च र्स ऑफ साउथ अफ्रीका के मुताबिक इन हड़तालों से वाहन निर्माताओं को करीब दो अरब डॉलर आय का नुकसान हो चुका है। (एजेंसी)

First Published: Friday, November 15, 2013, 14:54

comments powered by Disqus