भारत का चीन के साथ व्यापार घाटा बढ़कर 31.42 अरब डॉलर

भारत का चीन के साथ व्यापार घाटा बढ़कर 31.42 अरब डॉलर

भारत का चीन के साथ व्यापार घाटा बढ़कर 31.42 अरब डॉलर बीजिंग : भारत का चीन के साथ व्यापार घाटा 2013 में 31.42 अरब डॉलर पहुंच गया। वर्ष के दौरान दोनों देशों का द्विपक्षीय व्यापार 1.5 प्रतिशत घटा। इस लिहाज से यह लगातार दूसरा साल है जब व्यापार में गिरावट दर्ज की गयी है।

भारत का व्यापार घाटा 2012 के मुकाबले 2.5 अरब डॉलर बढ़ा। इसका मतलब है कि भारतीय चिंताओं को दूर करने को लेकर चीन की तरफ से बार-बार किये गये वादों के बावजूद भारतीय निर्यात नहीं बढ़ पा रहा है।

चीनी सीमा शुल्क विभाग की तरफ से जारी वर्ष 2013 के व्यापार आंकड़ों के अनुसार भारत-चीन के द्विपक्षीय व्यापार में गिरावट की प्रवृत्ति दूसरे साल भी जारी है।

दोनों देशों के बीच व्यापार 65.47 अरब डॉलर रहा जो 2012 के मुकबाले 1.5 प्रतिशत कम है। 2012 में यह 66.7 अरब डॉलर जबकि 2011 में यह करीब 74 अरब डॉलर का था। द्विपक्षीय व्यापार में गिरावट को देखते हुए अधिकारी 2015 तक 100 अरब डॉलर के व्यापार लक्ष्य को लेकर आशंकित हैं। दोनों देशों के शीर्ष नेतृत्व ने 2015 तक आपसी व्यापार 100 अरब डॉलर पहुंचाने का लक्ष्य रखा है। (एजेंसी)

First Published: Friday, January 10, 2014, 18:57

comments powered by Disqus