Last Updated: Monday, December 2, 2013, 09:31
नई दिल्ली : पाकिस्तान के एक व्यापार प्रतिनिधि ने भारत को सर्वाधिक तरजीही देश (एमएफएन) का दर्जा दिये जाने का समर्थन करते हुए कहा है कि इससे द्विपक्षीय व्यापार 3 साल में तिगुना कर 10 अरब डालर करने में मदद मिलेगी।
भारत-पाकिस्तान चैंबर आफ कामर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष एस एम मुनीर ने यहां कहा, पाकिस्तान को भारत को एमएफएन का दर्जा देना चाहिए। यह दोनों देशों के हित में है। इससे द्विपक्षीय व्यापार 3 वर्ष में 10 अरब डालर करने में मदद मिलेगी। भारत ने 1996 में पाकिस्तान को एमएफएन का दर्जा दिया था लेकिन पड़ोसी देश ने अब तक भारत को यह दर्जा नहीं दिया है। भारत को एमएफएन का दर्जा देने के लिये पाकिस्तान ने कई बार समय सीमा तय की है, लेकिन अबतक ऐसा नहीं हो पाया। मुनीर ने कहा कि भारत को एमएफएन का दर्जा देने से दोनों देशों में गरीबी दूर करने में मदद मिलेगी। दोनों देशों के बीच व्यापार फिलहाल 3.5 अरब डालर है और व्यापार भारत के पक्ष में है।
मुनीर ने यह भी कहा कि पाकिस्तान के भारत को एमएफएन का दर्जा देने से उनके देश के व्यापारियों को भी फायदा होगा क्योंकि उनकी 1.2 अरब आबादी वाले बाजार तक पहुंच हो सकेगी। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि भारत को व्यापार संबंध सुधारने के लिये बैंकिंग चैनल खोलने, वीजा नियमों को आसान बनाने जैसे कदम उठाने चाहिए। (एजेंसी)
First Published: Monday, December 2, 2013, 09:31