Last Updated: Monday, October 7, 2013, 18:59

वाशिंगटन : प्रमुख भारतीय उद्योगपति रतन एन. टाटा को भारत और वैश्विक स्तर पर औद्योगिक विकास में योगदान देने के लिए अमेरिका में प्रतिष्ठित यूएस नेशनल एकेडमी ऑफ इंजीनियरिंग का सदस्य बनाया गया है। एकेडमी अमेरिका की सरकार को इंजीनियरिंग और प्रौद्योगिकी मामलों में पररामर्श देती है। इस निजी, स्वतंत्र, गैर-लाभकारी संस्थान में 11 नए विदेशी एसोसिएट को शामिल किया गया है, जिसमें रतन टाटा भी शामिल हैं।
अमेरिका से 69 नए सदस्य शामिल किए गए हैं, जिनमें आठ भारतीय मूल के अमेरिकी नागरिक हैं। नए एसोसिएट को शामिल करने के बाद एकेडमी के अमेरिकी सदस्यों की संख्या 2,250 और विदेशी एसोसिएट की संख्या 211 हो गई।
एकेडमी की सालाना बैठक में यहां रविवार को अध्यक्ष सी.डी. मोट जुनियर ने खेद जताते हुए कहा कि अमेरिका में प्रतिभावान इंजीनियरिंग कामगारों को अधिक महत्व नहीं दिया जाता है। उन्होंने कहा कि अमेरिका में इंजीनियरिंग के स्नातकों का अनुपात अन्य स्नातकों के मुकाबले सिर्फ चार फीसदी है। यह यूरोप के औसत 13 फीसदी के मुकाबले एक तिहाई और एशिया (भारत, जापान, चीन, ताइवान, दक्षिण कोरिया और सिंगापुर) के औसत 23 फीसदी के मुकाबले छठा हिस्सा है।
वैश्विक संपर्क बनाने के लिए एकेडमी ने भारत, जर्मनी, जापान, चीन और यूरोपीय संघ के साथ छमाही `फ्रंटियर्स ऑफ इंजीनियरिंग` कार्यक्रम शुरू किया है। इन देशों में नया नाम ब्राजील का है, जहां यह कार्यक्रम 2014 में होने वाला है। एकेडमी में शामिल किए गए भारतीय मूल के नए अमेरिकी सदस्यों की सूची इस प्रकार है :
अनंत अग्रवाल - अध्यक्ष ईडीएक्स (एमआईटी और हार्वर्ड विश्वविद्यालय का ऑनलाइन शिक्षण कार्यक्रम)।
मूर्ति पी. भवराजू - वरिष्ठ कंसल्टेंट, पीजेएम, इंटरकनेक्शन, नॉरिस्टाउन, पेंसिल्वेनिया।
अशोक जे. गाडगिल - निदेशक और वरिष्ठ वैज्ञानिक, पर्यावरणीय ऊर्जा प्रौद्योगिकी प्रभाग, लॉरेंस बर्कले नेशनल लेबोरेटरी।
गणेश कैलासम - शोध और विकास के उपाध्यक्ष और वैश्विक शोध और विकास निदेशक, परफॉर्मेस मैटेरियल्स प्रभाग, डाव केमिकल कंपनी, फ्रीपोर्ट, टेक्सास।
विजय कुमार - यूपीएस फाउंडेशन प्रोफेसर, स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड एप्लाइड साइंसेज, पेंसिलवेनिया विश्वविद्यालय, फीलेडेल्फिया।
बलराज सहगल - पूर्व प्रोफेसर ऑफ न्यूक्लियर पॉवर सेफ्टी, रॉयल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, स्टॉकहोम, स्वीडन।
प्रदीप एस. सिंधु - उपाध्यक्ष, मुख्य प्रौद्योगिकी अधिकारी, एवं संस्थापक, जुनिपर नेटवर्क्स, सन्नीवेल, कैलीफोर्निया।
कृष्ण (क्रिस) पी. सिंह - अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी, होल्टेक इंटरनेशनल, माल्र्टन, न्यू जर्सी। (एजेंसी)
First Published: Monday, October 7, 2013, 18:59