`केजी-डी6 गैस में 10 अरब डॉलर निवेश करेगी आरआईएल`। RIL will invest $ 10 billion in KG-D6 gas

`केजी-डी6 गैस में 10 अरब डॉलर निवेश करेगी आरआईएल`

नई दिल्ली : रिलायंस इंडस्ट्रीज (आरआईएल) का समूह केजी-डी6 गैस ब्लॉक के और विकास के लिए 2016-17 तक 8 से 10 अरब डॉलर का निवेश करना चाहता है। यह बात शुक्रवार को पेट्रोलियम मंत्री एम. वीरप्पा मोइली ने कही।

रिलायंस इंडस्ट्रीज के इस समूह में ब्रिटेन की तेल कंपनी बीपी भी शामिल है। मोइली ने यहां संवाददाताओं से कहा कि आरआईएल (समूह) पहले ही डी-6 में 12 अरब डॉलर का निवेश कर चुका है और इसमें 8-10 अरब डॉलर का अतिरिक्त निवेश करना चाहता है। इस ब्लॉक से प्राकृतिक गैस का उत्पादन प्रति दिन 1.4 करोड़ मानक घन मीटर घट रहा है।

मोइली ने कहा कि आरआईएल (समूह) द्वारा केजी-डी6 के संचालन से संबंधित एक को छोड़कर बाकी सभी मुद्दे को सुलझा लिया गया है। उन्होंने इस बारे में अधिक जानकारी नहीं दी। हाइड्रोकार्बन महानिदेशालय ने केजी-डी6 ब्लॉक में प्राकृतिक गैस उत्पादन में गिरावट के लिए समुचित कुओं की खुदाई करने में आरआईएल की विफलता को जिम्मेवार कारण बताया है। वह इसके लिए आरआईएल पर 1.786 अरब डॉलर का जुर्माना लगाना चाहता है। कंपनी समूह ने हालांकि उत्पादन में गिरावट के लिए भूगर्भीय समस्याओं का कारण बताया है।

तेल मंत्रालय के सूत्रों ने आईएएनएस को बताया है कि अभी मुद्दा यह है कि क्या जुर्माने के तौर पर वर्तमान 4.2 प्रति दस लाख ब्रिटिश थर्मल इकाई दर की अवधि अप्रैल 2014 में समाप्त होने पर कंपनी समूह को दर में बदलाव करने का लाभ दिया जाए? मोइली ने इस माह के शुरू में यह संकेत दिया थाकि उत्पादन में गिरावट के कारणों का पता लगाने के लिए सरकार अंतर्राष्ट्रीय विशेषज्ञ तैनात कर सकती है। (एजेंसी)

First Published: Friday, October 18, 2013, 22:15

comments powered by Disqus