Last Updated: Tuesday, October 15, 2013, 15:21
नई दिल्ली : शेयर बाजार नियामक सेबी ने अपने पुरूष कर्मचारियों के लिये पितृत्व अवकाश तथा महिला कर्मचारियों के लिये बच्चों के देखभाल हेतु विशेष अवकाश दिये जाने को मंजूरी दी है। अधिकारियों ने कहा कि भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के निदेशक मंडल ने हाल ही में महिला कर्मचारियों के लिये सालाना 15 दिन का विशेष आकस्मिक अवकाश देने को मंजूरी दी है। महिला कर्मचारी दो बच्चों तक इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगी। उन्हें यह अवकाश बच्चे के 12 साल होने तक मिलेगा। इस सुविधा का लाभ बच्चा गोद लेने वाली मां भी उठा सकेंगी।
इसके अलावा, सेबी ने अपनी ताजा सालाना रिपोर्ट में कहा है कि पुरूष कर्मचारियों के लिये 15 दिन का पितृत्व अवकाश की व्यवस्था की गयी है। बाजार नियामक ने यह भी कहा कि उसने स्वास्थ्य सहायता कोष शुरू किया हैं इसके तहत नियामक के कर्मचारी सदस्यों द्वारा स्वास्थ्य पर किये गये खर्च के एवज में वित्तीय सहायता दी जाएगी। साथ ही सेबी अपने कर्मचारियों को उच्च शिक्षा तथा कुशलता बढ़ाने के लिये भी प्रोत्साहित कर रहा है। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, October 15, 2013, 15:21