Last Updated: Friday, November 22, 2013, 17:19
मुंबई : अमेरिका में सस्ते कर्ज की फेडरल रिजर्व की मौजूदा नीति को लेकर अनिश्चितता के बीच स्थानीय बाजारम में शुक्रवार को मुनाफा वसूली से बंबई सेंसेक्स 12 अंक टूटकर बंद हुआ। शुरू में बाजार थोड़ा चढ़ा था पर यह बढत बरकरार नहीं रह सकी।
गुरुवार को सेंसेक्स 406 अंक गिरा था जो ढाई माह की सबसे बड़ी गिरावट है।
दिन में 150 अंक की बढ़त हासिल करने वाला बीएसई सेंसेक्स दूसरे पहर वाहन व रीयल्टी शेयरों में मुनाफा वसूली के चलते 11.66 अंक नीचे 20,217.39 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स में लगातार तीसरे दिन गिरावट दर्ज की गई। पिछले दो दिनों में सेंसेक्स 661.77 अंक टूटा था।
इसी तरह, नेशनल स्टाक एक्सचेंज का निफ्टी 3.60 अंक नीचे 5,995.45 अंक पर आ गया, जबकि एमसीएक्स स्टाक एक्सचेंज का एसएक्स.40 सूचकांक 17.88 अंक मजबूत होकर 12,026.16 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स में शामिल 30 में से 18 कंपनियों के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए, जबकि 12 कंपनियों के शेयरों में तेजी ने बाजार को और गिरने से बचा लिया। (एजेंसी)
First Published: Friday, November 22, 2013, 17:19