Last Updated: Sunday, October 20, 2013, 12:20
नई दिल्ली : जबर्दस्त विदेशी निवेश, अच्छे वित्तीय तिमाही नतीजों और अनुकूल वैश्विक संकेतों के बल पर बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स इस दिवाली तक 21,000 अंक का मनोवैज्ञानिक स्तर छू सकता है।
सेंसेक्स ने वैश्विक संकेतों से शुक्रवार को 20,932.23 अंक का अपना एक साल का उच्च स्तर छू लिया। अब यह अपने सर्वकालिक उच्च स्तर 21,206.77 से 323.88 अंक दूर है। सेंसेक्स ने 21,206.77 का स्तर 10 जनवरी, 2008 को छुआ था।
इस बीच, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने इस महीने की शुरआत से अब तक घरेलू शेयर बाजारों में करीब 7,000 करोड़ रपये निवेश किए हैं। इसके साथ, 2013 में अब तक भारतीय शेयर बाजार में कुल विदेशी निवेश 80,174 करोड़ रुपये पहुंच गया है।
कोटक सिक्योरिटीज के प्रमुख (निजी ग्राहक समूह अनुसंधान) दीपेन शाह ने कहा, ‘शुक्रवार को बाजार में जबर्दस्त तेजी आई। इस महीने अब तक सेंसेक्स 1,365.74 अंक मजबूत हो चुका है।’ विश्लेषकों के मुताबिक, जिस तरह से चीजें सकारात्मक नजर आ रही हैं, उसे देखते हुए बाजार नयी ऊंचाइयों को छूएगा।
आशिका स्टाक ब्रोकर्स के अनुसंधान प्रमुख पारस बोथरा ने कहा, ‘निकट भविष्य में सेंसेक्स मजबूत रहने की संभावना है। जिस तरह का पूंजी प्रवाह देखने को मिल रहा है उससे आने वाले दिनों में सेंसेक्स नई ऊंचाइयों को छूएगा। सेंसेक्स दिवाली तक सर्वकालिक उच्च स्तर को छू सकता है।’ (एजेंसी)
First Published: Sunday, October 20, 2013, 12:20