Last Updated: Monday, November 25, 2013, 18:33

नई दिल्ली : नमक से साफ्टवेयर तक बज्ञाने वाले टाटा समूह का संयुक्त कारोबार रुपये में गिरावट की वजह से घटकर 100 अरब डालर के आंकड़े से नीचे आ गया है। हालांकि, भारतीय मुद्रा में समूह के राजस्व में 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। रुपये के मूल्य में टाटा समूह देश के पहले ऐसे उद्योग घराने के रूप में उभरा है जिसका सालाना कारोबार 5 लाख करोड़ रपये के पार गया है। 2012-13 में समूह के कर्मचारियों की संख्या 88,000 बढ़कर 5.4 लाख पर पहुंच गई। टाटा समूह की परिचालन वाली कंपनियों की संख्या 100 है। बीते वित्त वर्ष में समूह का कारोबार 10.8 प्रतिशत बढ़कर 5,27,047 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो इससे पिछले वित्त वर्ष में 4,75,721 करोड़ रुपये था।
हालांकि, वित्त वर्ष 2012-13 में रपये के मूल्य में आई 14 फीसद की गिरावट की वजह से साल के दौरान डालर में कंपनी की आमदनी तीन प्रतिशत से ज्यादा घट गई। अमेरिकी डालर में टाटा समूह का कारोबार 2012-13 में घटकर 96.79 अरब डालर रह गया, जो इससे पिछले वित्त वर्ष में 100.09 अरब डालर था। समूह द्वारा प्रकाशित ताजा वित्तीय सूचना में यह जानकारी दी गई है।
पिछले साल टाटा समूह 100 अरब डालर के कारोबार का आंकड़ा पार करने वाला देश का पहला और एकमात्र उद्योग घराना था। 2012-13 में समूह ने 54.45 रुपये प्रति डालर की विनिमय दर का इस्तेमाल किया, जो इससे पिछले साल 47.53 प्रति डालर थी।
समूह ने 2012-13 के लिए अपने कुल मुनाफे का उल्लेख नहीं किया है। वहीं 2011-12 में समूह का कर बाद मुनाफा 9.4 प्रतिशत घटकर 5.23 अरब डालर रहा था। वहीं वित्त वर्ष 2011-12 में कंपनी का कारोबार 2010-11 की तुलना में 20 प्रतिशत बढ़कर 83.3 अरब डालर रहा था। 2011-12 में रुपये में समूह की आमदनी वृद्धि कहीं उंची यानी 25.3 फीसदी रही थी। वहीं मुनाफे में गिरावट कम यानी 4.5 प्रतिशत रही थी।
समूह का अंतरराष्ट्रीय राजस्व 2012-13 में वैश्विक कारोबार का आधे से अधिक रहा और यह 2.7 प्रतिशत बढ़कर 60.7 अरब डालर पर पहुंच गया। वहीं उसकी शुद्ध विदेशी मुद्रा आमदनी 2012-13 में लगभग दोगुना होकर 3.05 अरब डालर पर पहुंच गई, जो इससे पिछले वित्त वर्ष में 1.59 अरब डालर थी। 2012-13 में हालांकि समूह की कुल परिसंपत्तियां मामूली 1.3 फीसदी घटकर 107.17 अरब डालर रह गई’। समूह का मौजूदा बाजार पूंजीकरण लगभग 100 अरब डालर है और उसकी सूचीबद्ध कंपनियों की संख्या 32 है। (एजेंसी)
First Published: Sunday, November 24, 2013, 20:22