Last Updated: Thursday, May 22, 2014, 15:41

मुंबई : बॉलीवुड सुंदरी ऐश्वर्या राय बच्चन ने कान फिल्म समारोह के दौरान दूसरी बार रेड कारपेट पर चलने के लिए रॉबटरे कैवेली का सफेद फिशटेल गाउन चुना। पूर्व विश्व सुंदरी ऐश्वर्या ने चांदी जैसे सफेद इस गाउन के साथ हीरे से जड़े जेवर पहने थे और हल्के घुंघराले बालों को खुला छोड़ रखा था।
रेड कारपेट पर ऐश्वर्या के परिधानों को मिली जुली प्रतिक्रियाएं मिलती रही हैं। हाल ही में एक बार दोबारा छरहरी काया पाने वाली ऐश्वर्या ने कल कैवेली का गोल्डन फिशटेल गाउन पहना था और होठों पर सुर्ख लाल रंग का लिपकलर लगा रखा था।
67वें कान फिल्म समारोह में ऐश्वर्या अपनी दो वर्षीय बेटी अराध्या और मां वृंदा राय के साथ गई हैं। ऐश्वर्या को पहले ही रेड कारपेट पर चलना था लेकिन फ्रांस में वायु यातायात के बाधित हो जाने की वजह से उनकी यात्रा में देरी हो गई थी।
लॉरियल पेरिस ब्रांड की एंबेसडर होने के नाते ऐश्वर्या नियमित रूप से कान समारोह में शिरकत करती रही हैं। इससे पहले वे 12 बार इस समारोह में शिरकत कर चुकी हैं। इस साल रेड कारपेट पर चलने वाली अन्य भारतीय हस्तियों में सोनम कपूर, फ्रीडा पिंटो, उदय चोपड़ा और मल्लिका शेरावत शामिल हैं। (एजेंसी)
First Published: Thursday, May 22, 2014, 15:41